421 पंचायतों के खाते में पहुंचे 9 करोड़ रुपए
जिले के 421 ग्राम पंचायतों के खाते में चौदहवें वित्त आयोग के तहत सितंबर में 925.61 लाख रुपए जारी किया गया है। जिला पंचायत के माध्यम से सभी पंचायतों के खाते में कार्ययोजना के आधार पर पैसा भी ट्रांसफर कर दिया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों को गांव में विकास कार्य कराने हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अनुमोदन प्रस्ताव पर सहमति दे दी है।
अब माना जा रहा है कि एक-दो दिन के अंदर जिला, जनपद पंचायत के माध्यम से ग्राम पंचायतों में आदेश जारी किया जाएगा। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधि पैसे का उपयोग कर पाएंगे। लंबे इंतजार के बाद जिला प्रशासन समिति ने ग्राम पंचायतों के भेजे गए कार्ययोजना प्रस्ताव पर अनुमोदन किया। अब तक अनुमोदन नहीं होने की वजह से पंचायत प्रतिनिधि राशि का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। जिला व जनपद पंचायत के सीईओ ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही खाते से पैसे निकालकर कार्ययोजना के आधार पर व्यय कर सकेंगे।
पंचायत प्रतिनिधियों ने ली राहत की सांस: वर्ष 2015 में एक अप्रैल से चौदहवें वित्त आयोग की अनशुंसा शासन ने लागू की है। इसके पहले तेरहवें वित्त आयोग की अनुशंसा प्रभावशील थी। खाते में पैसा आने के बाद अब उपयोग करने का आदेश जल्द जारी होने की खबर से पंचायत प्रतिनिधियों ने राहत की सांस ली है। वहीं ग्रामीणों को भी आस है कि अब गांव का विकास होगा। खासकर 28 नवीन पंचायत, जिसे शासन ने पिछले वर्ष नए पंचायत का दर्जा दिया है। वहां के प्रतिनिधि गांव में विकास कार्य कराने को बेताब हैं।
गांवों के विकास का फैसला अब ग्रामसभा में, पैसे की कमी नहीं: विकास कार्य कराने के पहले तय किया जाएगा कि विभिन्न मदों में कितने प्रतिशत किस कार्य के लिए खर्च किए जाएंगे। पंचायत स्तर पर बैठक होने के बाद ग्रामसभा में अनुमोदन होना अनिवार्य है। ग्रामसभा में पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीणों की सहभागिता से प्रस्ताव पर अनुमोदन के बाद ही कार्य शुरू किए जाएंगे। अधिकांश पंचायतों में एकवर्षीय कार्ययोजना बनाया जा चुका है। कार्ययोजना में ग्रामीणों की समस्याओं के आधार पर कार्य कराने प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, फिर काम शुरू होगा।
जपं स्तर के अफसर ग्राम पंचायतों को देंगे जानकारी
जिले के 421 ग्राम पंचायतों के खाते में चौदहवें वित्त आयोग के पैसे का उपयोग करने के लिए जल्द आदेश जारी हो जाएंगे। जिला पंचायत ने जनपद पंचायतों में इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। अब जनपद स्तर के अधिकारी पंचायत प्रतिनिधियों को इस आशय की जानकारी देंगे। आदेश जारी होने के बाद अब ग्राम पंचायतों में विकास कार्य हो सकेंगे।
अब जल्द ही पंचायत प्रतिनिधि 14वें वित्त आयोग के पैसे का उपयोग कर पाएंगे। इसके लिए अनुमोदन हो चुका है। जल्द ही इस संबंध में जिले के सभी पंचायतों में आदेश जारी करेंगे। पदमिनी भोई साहू, सीईओ, जिला पंचायत बालोद