परसाही व ककरेल में हैंडपंपों की होगी जांच
बालोद|कलेक्टर राजेश सिंह राणा ने बुधवार को डौंडी ब्लॉक के ग्राम ककरेल और बालोद ब्लॉक के ग्राम परसाही पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्राम ककरेल के ग्रामीणों ने तालाब में चारों तरफ पचरी निर्माण कराने, मुक्तिधाम निर्माण कराने, नया आंगनबाड़ी भवन निर्माण कराने, उपस्वास्थ्य भवन बनाने, ग्राम भर्रीटोला से रजही तक पहुंच मार्ग का डामरीकरण कराने की मांग कलेक्टर से की।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि उनके ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत रोजगार मूलक कार्य चल रहा है। कलेक्टर ने वहां के स्कूल का भी निरीक्षण किया और हैंडपंप के आसपास जगह का मरम्मत कराकर स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता के लिए गांव के सभी हैंडपंपों की जांच करायी जाएगी।
खेल मैदान का समतलीकरण की मांग: ग्राम परसाही में ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि यहां पेयजल की समस्या नहीं है। ग्रामीणों ने खेल मैदान का समतलीकरण कराने की मांग की। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि वे समय-समय पर स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया करें।
उन्होंने प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर पुराने शौचालय को तोड़कर समतल कराने, बालक, बालिका शौचालय का रंगरोगन कराने और स्कूल परिसर में फूलदार और फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम के पात्र हितग्राहियों को पेंशन मिलने व उचित मूल्य की दुकान से प्रतिमाह राशन मिलने की जानकारी ग्रामीणों से ली। इस अवसर पर डीईओ बीआर ध्रुव उपस्थित थे।