जिले में 21 को 78742 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य
मंगलवार शाम जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई मासिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर राजेश सिंह राणा ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 21 फरवरी को जिले के शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो पिलाना निश्चित करें। उन्होंने अभियान का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने आवश्यक मार्गदर्शन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 21 और 22 फरवरी को ग्राम बड़ा जुंगेरा और चौरेल में मेला लगेगा। वहां बच्चों को पोलियो वेक्सिन पिलाने स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत जिले के पांच वर्ष से कम आयु के लगभग 78 हजार 742 बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा। इसके लिए तैयारी कर ली गई है।
कलेक्टर ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि वे इसी माह जनऔषधि केंद्र खोलना निश्चित करें। उन्होंने संस्थागत प्रसव को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा देने तथा टीकाकरण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों मेें मरीजों को 24 घंटे सेवाएं मिले। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाईयों की उपलब्धता की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीज संतुष्टि प्रपत्र भराने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सुविधाओं का लाभ मरीजों को समय पर मिले। उन्होंने राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम और राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में सीएमएचओ डाॅ.एल.एन साहू सहित बीएमओ व मेडिकल आॅफिसर उपस्थित थे।