तालाब के निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत
बालोद|शहर मंडलभाजपा के पूर्व महामंत्री युसुफ खान ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बालोद वन परिक्षेत्र के अंतर्गत तालाब निर्माण कार्य की जांच करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया गया है।
उन्होंने बताया कि वन परिक्षेत्र में राज्य शासन ने वर्ष 2013-14 में तालाब निर्माण कार्य के लिए कक्ष क्रमांक 94 आरएफ के लिए 12 लाख 50 हजार राशि स्वीकृत की थी। निर्माण कार्य श्रमिकों से कराया जाना था लेकिन विभागीय अधिकारियों ने मजदूरों के कार्य को मशीन से कराया। निर्माण में खुदाई कार्य जेसीबी मशीन से कराकर 2 लाख 75 हजार 200 रुपए और मुरूम ढुलाई का कार्य ट्रैक्टर से कराकर एक लाख 46 हजार 700 रुपए का भुगतान कर दिया गया। फिर उसी कार्य को श्रमिकों से भी करवाया जाना लिखित में बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मस्टर रोल में प्रत्येक श्रमिक की मजदूरी दर 159.70 रुपए और 5 दिन का कार्य दिवस दर्शाया गया है। ऐसे में श्रमिकों की मजदूरी 800 रुपए बनती है लेकिन अधिकारी एवं कर्मचारियों के द्वारा 992 रुपए पांच दिन का नगद भुगतान दर्शाकर लाखों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन, वन विभाग आदेश बजट दिनांक 18 फरवरी 2014 में स्पष्ट निर्देश है कि श्रमिकों को 500 रुपए तक की राशि ही नगद भुगतान करना है। अधिक राशि पर बैंक खाते से भुगतान करना है।