सदर रोड में चल रहा पोल शिफ्टिंग का काम
शहर को व्यवस्थित व सदर रोड को चौड़ी करने के लिए सड़क किनारे के बिजली पोल को हटाया जा रहा है। पोल शिफ्टिंग का काम दो दिन से शहर में चल रहा है। प्रमुख रूप से सदर बाजार में काम जारी है। चिनार कांप्लेक्स सहित किराना दुकानों के सामने सड़क से लगे पोल को हटाया जा रहा है। जो ट्रैफिक को बाधित करते है। पोल शिफ्टिंग के लिए शहर में बिजली बंद करना पड़ रहा है। जिससे नागरिक व्यापारी भी परेशान हो रहे है। पोल को एक स्थान से हटाकर दूसरे जगह लगाने के साथ कुछ कनेक्शन को कांट कर दूसरे लाइन से जोड़ने का काम भी किया जा रहा है। गुरुवार को शहर में सुबह 11 बजे से बिजली गुल होने का सिलसिला शुरू हुआ। जो शाम छह बजे तक चलता रहा।
लगातार बिजली गुल से गुरुवार को सरकारी व निजी संस्थानों में कामकाज प्रभावित रहा। जिन स्थानों में इनवर्टर की सुविधा थी। वही लोगों ने राहत महसूस की। कई बार लो वोल्टेज की स्थिति भी निर्मित हुई। इससे तकनीकी उपकरणों में फाल्ट आने की शिकायत रही। कंप्यूटर सेंटर, फोटो कॉपी दुकान में व्यापार प्रभावित रहा। वही जिला अस्पताल में 11.30 से 12 बजे तक आधे घंटे तक बिजली गुल रहने से इलाज भी प्रभावित रहा। एक्सरे मशीन बंद रही। मरीज बिजली चालू होने का इंतजार करते रहे।
बालोद। पोल शिफ्टिंग के दौरान अस्पताल मे आधे घंटे बंद रही एक्सरे मशीन।