- Hindi News
- रोजगार कार्यालय में जगह की कमी, आवेदक परेशान
रोजगार कार्यालय में जगह की कमी, आवेदक परेशान
पंजीयन में लग रहा दिनभर का समय
जिलारोजगार पंजीयन कार्यालय में कर्मचारियों की नियुक्ति हो गई है। इसके बाद भी आवेदकों की परेशानी जस की तस बनी हुई है। जिला बने दो साल 8 माह हो गए हैं। इसके बाद भी रोजगार कार्यालय की व्यवस्था सुधर नहीं पाई है।
कार्यालय खुलने के बाद सबसे बड़ी समस्या यहां कर्मचारियों की थी। ढाई साल तक अटैच कर्मचारियों के भरोसे काम चलाया गया। इसके बाद जुलाई माह में नियमित शासकीय कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। पहले कर्मचारियों की संख्या चार थी, जो अब छह हो गई है। इसके बाद भी बेरोजगारों को परेशानी हो रही है। जिला रोजगार कार्यालय में भले ही कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी गई हो लेकिन अब तक आवेदकों को कोई सुविधा नहीं मिल पाई है। पंजीयन कराने के लिए आने वाले जिले के आवेदकों को अभी तक परेशानी उठानी पड़ रही है। पर्याप्त जगह के अभाव में आवेदकों को आवेदन भरने में परेशानी हो रही है। जिला कार्यालय में भवन की कमी के कारण जिला रोजगार आरटीओ कार्यालय अगल-बगल में संचालित हो रहा है। दोनों कार्यालय छोटे भवन में चल रहा है। जहां कमरों की कमी है। दोनों कार्यालय में आवेदकों की कतार लगी रहती है। कमरे पर्याप्त नहीं होने से रोजाना पंजीयन कराने आने वाले आवेदक परेशान हो रहे हैं।
कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद भी पंजीयन कराने वाले आवेदकों के काम बहुत देर से हो रहे है। पंजीयन में ही एक दिन का समय लग रहा है। मंगलवार को 90 आवेदक पंजीयन नवीनीकरण कराने पहुंचे थे।
बरसात गर्मी में परेशानी
कार्यालय में आवेदन भरने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण आवेदकों को गर्मी में तेज धूप गर्मी और बारिश के दिनों में पानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने रोजगार कार्यालय के पास बेरोजगारों को धूप बारिश के पानी से बचाने के लिए शेड की व्यवस्था तो की है। लेकिन आवेदकों की भीड़ अधिक होने से शेड छोटा पड़ रहा है। शेड सामने लगा है, लेकिन आवेदकों को आवेदन जमा करने के बाद प्रमाण पत्र बगल वाले काउंटर से दिया जाता है। जहां शेड नहीं है।
जिला रोजगार कार्यालय में पंजीयन नवीनीकरण करवाने के लिए लगी युवकों की लाइन।