अब तक नहीं मिली मजदूरी
बालोद| बालोदब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़कीभाट के आश्रित ग्राम नेवारीखुर्द, ग्राम पंचायत कोहंगाटोला, ग्राम पंचायत मनौद, तरौद, ग्राम पंचायत परसोदा एवं ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर सांकरा में मनरेगा मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। मजदूरी भुगतान नहीं होने से ग्रामीणों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों का कहना है कि मनरेगा के तहत कार्य किए एक साल बीत गया है। इसके बाद भी वेतन नहीं मिलने से जीविकोपार्जन करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के दीपक चोपड़ा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि मनरेगा भुगतान नहीं होने से मजदूरों में आक्रोश है। इस संबंध में उन्होंने सांसद मोतीलाल वोरा को पत्र प्रेषित किया था। सांसद श्री वोरा ने ग्रामीण विकास मंत्री को नितिन गडकरी को पत्र लिखकर जल्द मजदूरी भुगतान करने अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है।