- Hindi News
- नक्सली हमले में जवान की हुई थी मौत, दो एपीसी किए गए सस्पेंड
नक्सली हमले में जवान की हुई थी मौत, दो एपीसी किए गए सस्पेंड
सीएएफकी 5वीं बटालियन की बीजापुर इलाके में तैनात कंपनी के दो एपीसी अखंड प्रताप सिंह और सुधांशु विश्वास को कमांडेंट और एसपी बस्तर अजय कुमार यादव ने सस्पेंड कर दिया है।
दोनों सहायक प्लाटून कमांडेंट 10 सितंबर को इलमिड़ी के बाजार में सुरक्षा व्यवस्था के हिसाब से 29 जवानों की टीम को लेकर गए थे। शाम को दोनों एपीसी 27 जवानों के साथ वापस कैंप में पहुंच गए थे। जबकि एलाजी वट्टी और हरिराम मंडावी दो जवान वहां सब्जी खरीदने के लिए रूक गए थे। उस दौरान वहां घात लगाए नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम ने इन दोनों जवानों पर हमला बोल दिया। जिसमें प्रधान आरक्षक वट्टी की मौत हो गई और हरिराम जख्मी हो गया।
इतना ही नहीं नक्सलियों ने जवानों से दो एसएलआर रायफल, 2 हैंड ग्रेनेड 80 राउंड कारतूस भी लूट लिए थे।
कैसे रह गए 2 जवान बाजार में
सीएएफकी 29 जवानों की टीम में से 27 ड्यूटी के बाद दोनों एपीसी के साथ लौट आए थे। मामले की जांच में यह सामने आया कि आखिर दो जवान किस की अनुमति से वहां रूके थे। यदि उन्होंने अपने एपीसी का आदेश नहीं माना तो त्वरित तौर पर उन्होंने क्या किया। ऑपरेशनल टीम के मुखिया बीजापुर के एसपी केएल ध्रुव की अनुशंसा पर बटालियन के इंचार्ज कमांडेंट अजय कुमार यादव ने शुरूआती तौर पर दोनों एपीसी को कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया है। गौरतलब है कि ऑपरेशन में जुटी टीमों की सुरक्षा से जुड़े हर छोटे-बड़े मामले को लेकर अफसरों द्वारा गंभीरता बरती जा रही है। कुछ दिन पहले टाहकवाड़ा में हुई वारदात में सीआरपीएफ के जवानों, तोंगपाल टीआई और हवलदार की जिम्मेदारी भी तय हुई है।