निरीक्षण रिपोर्ट तैयार वापस लौटेगी टीम
जगदलपुर|मेडिकल कॉलेजके निरीक्षण के लिए पहुंची एमसीआई की दो सदस्यीय टीम का काम पूरा हो गया। बुधवार की सुबह मेडिकल कॉलेज के डीन एसएन पैकरा के सामने टीम ने जांच के दौरान मिली कमियों-खामियों की एक रिपोर्ट बनाई और इस पर उनके हस्ताक्षर भी लिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार एमसीआई टीम समय-समय पर मेडिकल कॉलेज की जांच के लिए आती है।
दो दिनों पहले भी टीम के सदस्य कॉलेज की व्यवस्था देखने के लिए यहां पहुंचे थे।
सदस्यों ने डाक्टरों की काउंटिंग से लेकर अन्य काम पहले ही दिन पूरे कर लिए थे। इस दौरान हास्पिटल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर टीम ने अपनी नाराजगी भी जताई थी। इसके बाद दूसरे दिन टीम ने यहां की पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार एमसीआई की टीम जिस भी कॉलेज में निरीक्षण के लिए जाती है उस कॉलेज में उसे जो भी कमी-खामी मिलती है उसकी रिपोर्ट कॉलेज में ही तैयार करवाई जाती है और इस पर संबंधित कॉलेज के डीन के हस्ताक्षर भी करवाए जाते हैं। एमसीआई की टीम ने यहां क्या किया और क्या पाया इस पर ज्यादा जानकारी लेने के लिए जब मेकाज के अधिकृत प्रवक्ता डॉ केएल आजाद से संपर्क साधा गया तो उन्होंने बताया कि उनके पास इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। जब डीन यूएस पैकरा से संपर्क साधने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
मुश्किलमें प्रबंधन
सरकारने बस्तर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना तो करवा दी है, पर यहां क्लिनिकल और नॉन क्लिनिकल सुविधाओं की पूर्ति अब तक नहीं हो पाई है। इसके अलावा यहां प्रोफेसरों डाॅक्टरों की भारी कमी है। ऐसे में जब-जब एमसीआई की टीम यहां आती है तब स्थानीय प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रबंधन के सामने इस बात की चुनौती होती है कि सीमित संसाधनों के बाद भी वह एमसीआई की टीम को कैसे संतुष्ट करे।