दिन भर रही कांग्रेस भवन में गहमा-गहमी
{कांग्रेसी विधायकों के निवास पर लग रहा पार्षद प्रत्याशियों का तांता।
{महापौर पद के प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि एकजुट होकर लड़ेंगे चुनाव।
भास्करन्यूज | जगदलपुर
कांग्रेसपार्टी ने रविवार की देर शाम तक अपने पार्षदों की सूची जारी नहीं की। पार्षद की टिकट की चाह रखने वाले दावेदारों का दिनभर कांग्रेस भवन में तांता लग रहा है।
कुछ लोग बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल के घर पर भी डटे रहे। दिनभर भवन में नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। दोपहर दो बजे के बाद कांग्रेस भवन में एक बैठक भी आयोजित की गई पर इसमें कांग्रेस की ओर से पार्षद पद के प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं हो पाई। बैठक में पहुंचे महापौर पद के प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके खिलाफ जानबूझकर साजिश रची जा रही है।
उन्होंने इसका मुंहतोड़ जवाब देने की बात कहते हुए सभी को एकजुट रहने कहा। इसके बाद कुछ अन्य नेताओं का संबोधन हुआ। लोगों को उम्मीद थी कि शाम चार बजे तक पार्षद पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी पर ऐसा नहीं हो पाया। इधर कांग्रेस भवन के बाहर पार्षद पद के दावेदारों के नाम घोषित होने से पहले ही विरोध के स्वर गूंजने लगे थे।
कई नेता अपने-अपने हिसाब से टिकट पक्की होने कटने के कायस लगा रहे थे तो कुछ टिकट कटने पर विरोध की रणनीति बनाते नजर आए।