सुहाना हुआ मौसम, छाए बादल
{अधिकतम, न्यूनतम तापमान में हो रहा मामूली उतार-चढ़ाव।
{चक्रवात का असर, नम हवाओं से बन रहे बादल।
जगदलपुर|पिछले24 घंटे से मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव हुआ है। गुरुवार को दोपहर से आकाश में बादल छा गए और हल्की हवा चलनी शुरू हो गई थी। शाम तक यहां मौसम काफी सुहाना हो गया था। जिससे लोगों को दिन में थोड़ी-बहुत होने वाली गर्मी से राहत मिली।
मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक चंद्रकांत मोदीवाले के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे सटे इलाकों पर ऊपरी वायु में चक्रवात बना हुआ है। इसके असर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं से बादल बने हैं। एक-दो दिन तक इस सिस्टम का असर रहेगा। इसके प्रभाव से कई स्थानों पर हल्की बारिश होगी। अहम यह है कि बस्तर में इसका कोई खास असर नहीं रहेगा।
ज्यादा नमी उत्तरी छग की ओर जा रही है। वहां ज्यादा बारिश की संभावना है। दूसरी ओर सर्दी गुजरने के करीब महीना भर बाद गुरुवार को मौसम ने लोगों को राहत दी है। दिन भर बादल छाए जरुर रहे लेकिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहा। रात का पारा 14.5 डिग्री और दिन का तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
माना जा रहा है कि इस सिस्टम का असर खत्म होने के बाद मौसम खुलेगा। एक बार फिर दिन-रात का तापमान चढ़ेगा।
जगदलपुर. दोपहर बाद कई स्थानों पर शहर में बादल छाए रहे।