20 करोड़ से रोशन होंगे 55 गांवों के मजरे टोले
बस्तर जिले के सात ब्लॉकों में आज भी ऐसे 55 गांवों के पारा, मजरा, टोला है जहां किसी न किसी वजह से बिजली की पहुंच नहीं थी। विडंबना यह भी रही कि ये पारा, टोला विद्युत कंपनी की किसी भी योजना में शामिल भी नहीं हो पाए।
अब इन मजरे, टोले में रहने वाले लोगों को भी बिजली मिलेगी। हाल ही में इनका सर्वे पूरा हुआ है। सबसे ज्यादा गांव इसमें दरभा ब्लाक के शामिल हैं। योजना के तहत लोगों गरीबी रेखा से नीचे के लोगों को मुफ्त कनेक्शन दिए जाएंगे व 40 यूनिट तक बिजली का प्रयोग निशुल्क रहेगा। तार खींचने, खंबे लगाने का काम के साथ ही लोगों को कनेक्शन दिए जाएंगे।
अहम है कि सभी गांवों में लाइट पहुंचाने के लिए राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण के बाद दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना में इन गांवों की ओर ध्यान नहीं गया। अब जाकर इन्हें मुख्यमंत्री मजरा टोला विद्युतीकरण योजना में शामिल किया गया। ग्रामीणों की इस दिक्कत को गंभीरता से लेते हुए कंपनी के वरिष्ठ अफसरों ने अब तेजी से इस दिशा में पहल की है। सर्वे के बाद 55 में से 20 से ज्यादा गांवों में वर्क आर्डर भी हो चुका है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरु हो जाएगा। 20 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च इस काम पर होगा।
इन गांवों के है मजरे-टोले जहां होगा विद्युतीकरण: बास्तानार ब्लाक-सरगीगुड़ा, तुरांगुर, बिरगली, वहानपुर बागमुंडी पनेड़ा, कोडोली, सादराबोडेनार, कोड़ेनार, तोकापाल ब्लाक- बुरुंगपाल, बड़े मोरठपाल, दरभा ब्लाक- गिरडावली, मुंडागुड़ा, छिंदगुर, कोलेंग, कांदानार, एलंगनार, कंकापाल, टाहकवाड़ा, बड़ेगुरवे, छोटे गुरवे, इदजेपाल, गादमरास, कोडरीपाल, कोहकावाड़ा, जागदपाल, सौतनार, मुंडे नए, किलेपाल, बिसपुर, जुनापानी, कोडरीछापड़ है। इसी तरह लोहांडीगुड़ा, ब्लाक में पुसपाल, मलेवाही, अरपुंड, हर्राकडेर, पिचीकोडेर, ककनार, महिमा, भेजा, बिनता, करेकोट, सुरगुदा बोदेनार, सुरगुड़ा। जगदलपुर ब्लाक में कोंडागांव, सुरंदवाड़ा, कावापाल, ताइपदर, गुमलवाड़ा, नागलसर और बस्तर ब्लाक में बनियागांव, भैसगांव, बकावंड ब्लाक में रामपाल, फरसगांव इनमें शामिल हैं।
कंपनी की प्राथमिकता
में छूटे हुए गांव
हाल ही में विद्युत वितरण कंपनी के एमडी ने बस्तर संभाग के बिजली कंपनी के अफसरों की बैठक ली थी। जिसमें स्पष्ट तौर पर निर्देश जारी हुए हैं कि जिले में छूटे हुए गांवों के मजरे-टोले में लाइट पहुंचाना कंपनी की प्राथमिकता है। इसमें किसी तरह की लेट-लतीफी नहीं होगी।
जगदलपुर। शहर में बिजली सुधारने का रिस्पांस टाइम कंपनी सुधार रही है।