लोकोत्सव मनाने की जरूरत नहीं : नेताम
प्रशासनका काम 10 दिनों तक बंद कर केवल वाहवाही लूटने के लिए लोकोत्सव मनाने की जरूरत नहीं है। यह बात प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम ने कहा। राज्य सरकार किस नियम और उद्देश्य को लेकर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रही है यह समझ से परे है।
लोकोत्सव का बहाना कर अधिकारी कार्यालय से दूर रहते हैं। जिसका खामियाजा हर दिन सैकड़ों जरूरतमंदों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एनकाउंटर को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है वह बस्तर के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। पहले एनकाउंटर के बाद न्यायिक जांच नहीं होती थी और एनकाउंटर में कई बेगुनाह निर्दोष इसका शिकार होते थे अब ऐसा नहीं होगा। पिछले कुछ दिनों में 115 एनकाउंटर हुए हैं वहीं सारकेगुड़ा और एड़समेटा में कई निर्दोष नागरिक मारे गए थे। उन्होंने बताया कि मारडूम की घटना में पुलिस अब तक नक्सलियों की शिनाख्त नहीं कर पाई है। नारायणपुर में एक परिवार को महीनों के बाद भी लाश नहीं मिली है। नतीजतन पुलिस फोर्स की मनमानी को लेकर लोगों के मन में नाराजगी व्याप्त है।
नेताम ने कहा कि गिरदावरी रिपोर्ट बंद होने के चलते अवैध कब्जों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिसे रोकने के लिए बंदोबस्त और गिरदावरी रिपोर्ट को दुबारा लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुकेश अंबानी को छग में एक उद्योग लगाने के लिए उतनी जानकारियां नहीं देनी पड़ेगी। जितनी इस समय किसानों को धान बेचने के लिए देनी पड़ रही है। जिसको लेकर किसानों की परेशानी बढ़ गई है।