- Hindi News
- चुनाव जितवाने का दावा, नक्सली मांग रहे प्रत्याशियों से एक लाख
चुनाव जितवाने का दावा, नक्सली मांग रहे प्रत्याशियों से एक लाख
नगरीयनिकाय पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए प्रत्याशियों जनप्रतिनिधियों से नक्सली मोटी रकम मांग रहे हैं। नक्सलियों ने बीजापुर भोपालपट्नम इलाके के कुछ जनप्रतिनिधियों को पैसों के लिए धमकी दे चुके हैं। पुलिस को भी इस तरह की शिकायत कुछ नेताओं की ओर से मिली है। इसके बाद अब चुनावी प्रक्रिया के दौरान पुलिस इस तरह की सूचनाओं पर विशेष नजर बनाए हुए है।
पुलिस को कुछ जनप्रतिनिधियों ने बताया कि हाल ही में मिली धमकी में नक्सलियों ने कहा है कि यदि उन्हें चुनाव लड़ना और जीतना है तो एक लाख रुपए चंदे के रूप में देने होंगे। बस्तर रेंज के आईजी एसआरपी कल्लूरी के मुताबिक नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सली चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों से रकम की मांग कर रहे हैं। ऐसी शिकायतों की बारीकी से जांच करवाई जा रही है। इसके अलावा हाल ही में किरंदुल इलाके से जब्त लैपटाप से भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात उन्होंने कही।
बताया जा रहा है कि इस लैपटाप की जांच में पुलिस को कई मेल वीडियो भी मिले हैं। इसके अलावा कुछ ठेकेदारों के नाम भी इसमें दर्ज हैं। यह लैपटाप नक्सली लीडर रमन्ना का बताया जा रहा है। आने वाले दिनों में पुलिस इस लैपटाप से मिली जानकारी के आधार पर कई बड़ी कार्रवाई करेगी।