निरर्हित अभ्यर्थियों की सूची जारी
जगदलपुर। निर्धारित समय पर खर्च का हिसाब नहीं देना दर्जन भर अभ्यर्थियों को काफी महंगा पड़ गया है। पिछले चुनाव में नगर निगम क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले 5 और नगर पंचायत बस्तर के लिए 6 अभ्यर्थियों ने अपने आय-व्यय का लेखा निर्वाचन कार्यालयों को नहीं भेजा है। जिसके बाद आयोग ने इन सभी को इस बार चुनाव लड़ने के अयोग्य घोषित किया है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व आम अथवा उप निर्वाचन के पश्चात महापौर या अध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों को निरर्हित किया गया है। नगर निगम जगदलपुर के लिए निरर्हित किए गए अभ्यर्थियों में डाली दासगुप्ता, नजमा बेगम, शेख नसीम कुरैशी, राजेश तिवारी और शेख सलीम रजा शामिल हैं। निरर्हता आदेश 22 दिसम्बर 2011 द्वारा इन सभी को महापौर अथवा पार्षद पद का चुनाव लड़ने से चार वर्ष के लिए निरर्हित किया गया है। इसी तरह बस्तर नगर पंचायत हेतु गणेशराम बघेल, रतन नाग, लखेश्वर बघेल, लक्ष्मी प्रसाद कश्यप, विश्वनाथ और सुदर्शन मौर्य को निरर्हता आदेश 24 मार्च 2011 द्वारा चार वर्ष पांच माह तक अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से निरर्हित किया गया है।