- Hindi News
- लग्जरी गाड़ियों से गांजा तस्कर दे रहे पुलिस को चुनौती
लग्जरी गाड़ियों से गांजा तस्कर दे रहे पुलिस को चुनौती
बेखौफ बदलते हैं हाईटेक महंगी कारों की नंबर प्लेट। दिल्ली तक फैला है जाल, बस्तर के अंदरूनी इलाकों से पहुंचते हैं दुर्ग, राजनांदगांव। फिल्मी स्टाइल में फर्राटे से दौड़ाते हैं कार।
भास्करन्यूज | जगदलपुर
ओडिशासे बस्तर और फिर देश के कई हिस्सों तक गांजा की खेप बेधड़क ले जाने में जुटे तस्कर अब काफी महंगी लग्जरी गाड़ियों को इस काम में इस्तेमाल करना पसंद कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से यह सामने रहा है कि होंडा सिटी, स्कोडा जैसी हाईटेक गाड़ियों में हो रही तस्करी के तार देश की राजधानी दिल्ली से जुड़े हुए हैं।
पिछले दो महीने में इस तरह की चार गाड़ियां भी गांजा के साथ जब्त की गई है। सीएसपी रविंद्र उपाध्याय के मुताबिक गांजा तस्करी के लिए इस तरह की पांच गाड़ियों के संबंध में खुफिया सूचना मिली है। जिसमें से 4 गाड़ियां पुलिस के हत्थे चढ़ी हैं। दूसरी ओर गांजा तस्कर जगदलपुर से कोंडागांव पहुंचने के बाद नारायणपुर, भानुप्रतापपुर के रास्ते दुर्ग, राजनांदगांव से नागपुर और शार्टकट अपनाते बालाघाट होते निकल जाते हैं। हाल ही में इस तरह की कुछ जानकारी पुलिस को मिली है कि बस्तर के स्थानीय कुछ लोग भी इस गोरखधंधे में शामिल हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि अभी तक हुई पकड़-धकड़ में बड़े गांजा तस्कर पुलिस के हाथ नहीं लग रहे हैं।
शक नहीं होता, पुलिस कम रोकती है ऐसी गाड़ियां
गांजातस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली काफी महंगी गाड़ियों के पीछे वजह यह है कि पुलिस आमतौर पर इन वाहनों को जांच के लिए कम ही रोकती है। इसकी एक वजह यह भी है कि प्रभावशाली लोगों के पास ऐसे वाहन होने की संभावना ज्यादा रहती है। इसका फायदा तस्कर उठाते हैं। इसके अलावा उच्च तकनीक की इन गाड़ियों की रफ्तार इतनी रहती है कि 4 से साढ़े चार घंटे में यहां से रायपुर पहुंच जाते हैं। इस काम में आरोपी शातिराना अंदाज में दिल्ली में रजिस्टर्ड वाहनों पर छग के फर्जी नंबर प्लेट लगा रहे हैं। जिससे पुलिस को अासानी से शक भी नहीं हो पाता। दो दिन पहले आड़ावाल क्षेत्र में पकड़े गए दोनों वाहनों से इसका खुलासा हुआ है। एसपी अजय कु़मार यादव के मुताबिक गांजा तस्करी पर नकेल कसने लगातार कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए हैं।