- Hindi News
- केंद्र से राज्य तक सारे स्कूल गए वेबसाइट पर
केंद्र से राज्य तक सारे स्कूल गए वेबसाइट पर
केंद्रसरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने देश भर के सभी स्कूलों को ऑनलाइन कर दिया है। अब दिल्ली में बैठकर कोई भी बस्तर जिले के किसी भी ब्लाक में किसी भी स्कूल की पूरी जानकारी हासिल कर सकता है।
केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के वेबसाइट में स्कूल शिक्षा उच्च शिक्षा का अलग-अलग विवरण दिया गया है। इसमें स्कूल शिक्षा से संबंधित पोर्टल में देश भर के किसी भी स्कूल का पूरा विवरण दिया गया है। जिसमें वहां की दर्ज संख्या, पढ़ाए जाने वाले विषय और हेडमास्टर सहित शिक्षकों का भी विवरण है। यहां तक कि संबंधित स्कूल में टायलेट है अथवा नहीं यह भी बताया गया है।
इस वेबसाइट में मिसिंग स्कूल का भी एक कॉलम दिया हुआ है। यदि बस्तर जिले का कोई स्कूल जिसकी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है तो उसे इस स्थान पर दर्ज किया जा सकता है। इस स्थिति में इसका जवाब भी तुरंत जाता है। फिलहाल इसमें इसके लिए संपर्क अधिकारी के तौर पर ब्रजेश बाजपेयी का नाम लिखा हुआ है।
राज्य सरकार ने भी अपने पोर्टल पर स्कूलों की जानकारी उपलब्ध कराई है। वेबसाइट में इस तरह के विवरण का लाभ यह है कि कोई भी छात्र दसवीं के बाद यदि किसी सब्जेक्ट की पढ़ाई करना चाहता है, तो वह इस वेबसाइट पर जाकर देख सकता है कि किस स्कूल में कौन सा विषय उपलब्ध है और इसके आधार पर वह कहां प्रवेश लेना चाहता है।
राज्य सरकार ने भी किया अपडेट लेकिन पूरा नहीं
राज्यसरकार ने भी अपने वेबसाइट में स्कूलों से संबंधित जानकारी को अपडेट किया है। लेकिन स्टेट पोर्टल पर जानकारी सीमित ही दी हुई है। यहां सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति का जिक्र तो है लेकिन शिष्यवृत्ति की कोई जानकारी नहीं दी गई है। जबकि सबसे ज्यादा गोलमाल इसी में की जाती है।