कैमरे लगेंगे मगर बस्तर में नहीं
नकल के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले केंद्रों पर रहेगी नजर
परीक्षा की तैयारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दसवीं, बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरु हो रही हैं। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारी शुरु हो गई है। इस साल नकल पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में 200 से ज्यादा जगह परीक्षा केंद्रों पर क्लोज सर्किट कैमरे लगाए जा रहे हैं। जहां कैमरे लगाए जाएंगे उन केंद्रों को नकल के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है।
बस्तर में ऐसा एक भी केंद्र चिन्हित नहीं हुआ है। 13 फरवरी के इन दोनों परीक्षाओं के प्रश्न पत्र और गोपनीय सामग्री का वितरण समन्वय संस्था बस्तर हाई स्कूल से किया जाएगा। उसके एक दिन बाद 14 फरवरी को माशिमं के अध्यक्ष बस्तर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी और सहायक आयुक्तों की बैठक होगी। जिसमें परीक्षाओं के दौरान सुचारु व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।
बस्तर जिले में 58 सेंटर हैं जहां 10वीं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं होनी है। कुछ केंद्र संवेदनशील इलाकों में जरुर है। वहीं अहम यह है कि बस्तर, लोहांडीगुड़ा ब्लाक के आधा दर्जन से ज्यादा परीक्षा केंद्र ऐसे हैं जो नकल के लिए चर्चित रहे। इनमें से मुंडागांव समेत अन्य एक-दो केंद्र को बंद करवाना पड़ा था। अब एक बार फिर इन केंद्रों को शुरु किया गया है।
डेढ़ दर्जन से ज्यादा टीमें करेंगी अौचक निरीक्षण
संभागमुख्यालय में कलेक्टोरेट के प्रेरणा हाल में 14 फरवरी को दिन में साढ़े दस बजे मंडल अध्यक्ष द्वारा तमाम अफसरों की बैठक ली जाएगी। जिसमें दोनों परीक्षाओं के लिए चल रही तैयारियों को अंतिम रुप दिया जाएगा। इसके बाद करीब डेढ़ दर्जन टीमों की सूची कलेक्टर को भेजी जाएगी। वहां से अनुमोदन के बाद फ्लाइंग स्कवाड को फाइनल किया जाना है। इस बार निरीक्षण की व्यवस्था में कुछ बदलाव किया जा रहा है। सिस्टम इस तरह का रहेगा कि हर दिन हर केंद्र पर कोई कोई टीम पहुंचे और वहां कुछ समय तक रह कर व्यवस्था का जायजा ले।