शहीद गुंडाधुर को याद किया
{ क्रांतिकारी शहीद गुंडाधुर की प्रतिमा की पूजा कर निकाली रैली।
{ भूमकाल दिवस पर सर्वसमाज के हजारों लोग शामिल हुए।
भास्करन्यूज | जगदलपुर
मंगलवारको भूमकाल दिवस सर्व समाज के द्वारा पूरे विधि विधान के साथ मनाया गया। दिवस की शुरूआत गीदम रोड स्थित जिया डेरा के सामने स्थित पार्क में शहीद गुण्डाधुर की प्रतिमा की पूजा के साथ शुरू हुई।
राजपुरोहित हरीशचंद्र दास पट्टजोशी, सुकमा जमींदार परिवार के सदस्य कुमार जयदेव सर्वसमाज के सदस्यों ने जयकारा लगाते प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नारियल चढ़ाया। इसके बाद समाज के सदस्य नाचते-गाते रैली की शक्ल में शामिल हो गोलबाजार पहुंचे। जहां इमली पेड़ के पास पहुंच शहीद क्रांतिकारियों को श्रद्घांजलि दी गई। इसके बाद रैली टाउन क्लब परिसर पहुंची जहां यह आमसभा में बदल गई। दो घंटे से अधिक समय तक चले इस आम सभा में कांग्रेसी नेता शांति सलाम के साथ सर्वसमाज के लोगों से बस्तर के हित में काम करने की अपील की। इस मौके पर राजमाता कृष्ण कुमारी देवी, जोगीधुर, मंगड़ू धुर, जयराम धुर, सोमारू राम, गंगा राम कश्यप, शांति सलाम, पार्षद अंजू राय सहित धुरवा, भतरा, मुरिया, सुंडी, धाकड़, पनारा, कोया, गोंडवाना, राउत, माहरा, हल्बा बैरागी समाज समेत अन्य समाजों के लोग मौजूद थे। गौरतलब है कि जल जंगल और जमीन पर हक के लिए आदिवासियों ने गुंडाधुर के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति की थी। जिसमें कई लोग शहीद हुए थे। जिनकी याद में यह दिवस हर साल मनाया जाता है।
जगदलपुर। गीदम रोड स्थित शहीद गुंडाधुर पार्क में प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली गई जहां पारंपरिक नृत्य के साथ आदिवासी युवक युवतियां भी जुटे।
राजा रुद्रप्रताप देव टाउन क्लब परिसर में आयोजित भूमकाल दिवस पर मौजूद लोग।
रही चाक चौबंद व्यवस्था
भूमकालस्मृति दिवस पर निकलने वाली रैली के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे शहर में चाक चौबंद व्यवस्था की थी। शहर के हर चौराहे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए थे। इसके अलावा भी पुलिस विभाग ने गुरू गोविंद सिंह चौक पर इस दौरान विशेष इंतजाम किए थे।