- Hindi News
- नए शिक्षा सत्र से कई नए कोर्स शुरू करने की तैयारी में बीयू
नए शिक्षा सत्र से कई नए कोर्स शुरू करने की तैयारी में बीयू
एमबीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की कोशिश। प्रोफेसरों की कमी सकती है आड़े।
भास्करन्यूज | जगदलपुर
बस्तरविश्व विद्यालय इस नए शिक्षा सत्र में कई नए पाठ्यक्रमों की शुरूआत कर सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि इस शिक्षा सत्र में एमबीए की पढ़ाई यहां शुरू हो सकती है। इसके लिए प्रांरभिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बीयू में एमबीए की पढ़ाई शुरू होने से छात्रों को इस कोर्स की पढ़ाई के लिए दीगर शहरों का रूख नहीं करना पड़ेगा और काफी कम दाम में छात्रों को यहां एमबीए की डिग्री मिल जाएगी। एक जानकारी के अनुसार हर वर्ष शहर के तीन सौ से ज्यादा छात्र अलग-अलग विभागों में एमबीए की पढ़ाई करने के लिए दीगर शहरों का रूख कर रहे हैं। नए पाठ्यक्रमों की शुरूआत में एक बड़ा रोड़ा प्राध्यापकों की कमी है। वर्तमान में भी बीयू के कई ऐसे विभाग हैं जहां प्रोफेसरों का टोटा बना हुआ है। बीएड सहित ऐसे कई विभाग हैं जो प्रभार में चल रहे हैं और बीयू के ज्यादातर प्रोफेसर संविदा के तौर पर कार्यरत हैं। ऐसे में नए कोर्स शुरू करने से पहले प्राध्यापकों की कमी को दूर करना प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती है। मामले पर चर्चा करते हुए बीयू की रजिस्ट्रार इंदु अनंत ने बताया कि हम प्रयास कर रहे हैं कि बस्तर में छात्रों को हर तरह का पाठ्यक्रम गुणवत्ता के साथ मिल सके।