- Hindi News
- रायल्टी के पैसों से सुधरेगी पंचायतों की हालत
रायल्टी के पैसों से सुधरेगी पंचायतों की हालत
पंचायतों को विकसित करने जुटा खनिज विभाग। जिला पंचायत के जरिए राशि आबंटन की प्रक्रिया हुई शुरू।
भास्करन्यूज | जगदलपुर
खनिजविभाग रायल्टी के तहत वसूली गई राशि से पंचायतों को डेवलप करने की योजना बना रहा है। इसके लिए शासन को टैक्स जमा करने के बाद आई 4 करोड़ 27 लाख रुपए की राशि जिला पंचायत को देने जा रहा है। राशि के अाहरण को लेकर ट्रेजरी में इस प्रस्ताव को भेज दिया गया है। जिसके स्वीकृत होने के बाद यह राशि जिला पंचायत को दी जाएगी।
जिला खनिज अधिकारी आरसी नेताम ने बताया कि खनिज विभाग ने वर्ष 2013-14 में 8 करोड़ 55 लाख रुपए की रायल्टी वसूली थी। इस राशि को प्रांतीय मुख्यालय भेज दिया गया था। जहां से जिन पंचायतों ने रायल्टी जमा की थी या वहां से वसूली हुई थी उन्हें विकसित करने के लिए 4 करोड़ 27 लाख रुपए विभाग को मिले हैं। इस राशि को जिला पंचायत को देने के लिए सभी फार्मेल्टी पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया राशि मिलने के बाद जिला पंचायत पंचायतों का चयन कर उनको राशि देगा। जहां सरपंच अपने क्षेत्र को विकसित करने ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं देने में इस राशि को खर्च करेंगे।
व्यवस्था
पिपलावंड और कोड़ेनार पंचायत को मिलेगी सबसे अधिक राशि
रायल्टीजमा करने अधिकतर खदान मालिकों ने वर्ष 2013-14 में करीब 90 फीसदी राशि जमा कर दी थी। इसमें सबसे अधिक बास्तानार बस्तर के खदान मालिक शामिल हैं। खनिज विभाग के मुताबिक जिला पंचायत को दी जाने वाली राशि का सबसे अधिक फायदा पिपलावंड और कोड़ेनार पंचायत को मिलेगा। इसका कारण इन दोनों स्थानों से सबसे अधिक रायल्टी का मिलना है। गौरतलब है कि पिछले कुछ सालों से रायल्टी की वसूली को लेकर खनिज विभाग की कोशिश उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हो रही है। बावजूद इसके विभाग खदान मालिकों पर कार्रवाई करना तो दूर उन्हें प्रश्रय दे रहा है। कभी इसके लिए कर्मचारियों की कमी तो कभी अन्य कारण बता अधिकारी इसकी अनदेखी कर रहे हैं। जिसका फायदा खदान संचालक बड़े पैमाने पर उठा रहे हैं।