यात्री बस से फिर पकड़े गांजा तस्कर
जगदलपुर| बस्तर में गांजा खपाने की तैयारी में ओड़िशा से आ रहे दो गांजा तस्करों को नगरनार पुलिस ने पकड़ा है। दोनों तस्करों के पास से तीन अलग-अलग एयर बैग में रखे करीब 28 किलो गांजा भी जब्त किया है। तस्कर बस्तर में गांजा खपाने के लिए यात्री बस की सहायता से ओड़िशा से छत्तीसगढ़ आ रहे थे। इससे पहले ही नगरनार पुलिस ने इन्हें चोकावाड़ा के पास धरदबोचा।
नगरनार पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग यात्री में साधारण यात्रियों की तरह बैठकर गांजा तस्करी में लगे हुए हैं। इस सूचना के बाद चोकावाड़ा के पास जांच पड़ताल शुरू की गई। जांच के दौरान बस में सवार मलकानगिरी इलाके के डूराहेल निवासी फरसू और मोंगराज के पास से तीन एयर बैग निकले। इसकी जांच करने पर इसमें से गांजा निकला। इसके बाद मौके पर ही कार्रवाई शुरू की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।