हर जिला मुख्यालय की समन्वयक संस्था 15 फरवरी से बांटेगी प्रश्नपत्र
पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र 12 फरवरी को माध्यमिक शिक्षा मंडल के कार्यालय से वितरित होने के बाद 13 फरवरी को ज्यादातर जिला मुख्यालयों में पहुंच गए हैं जहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत इन बंडलों को रखवाया गया है। बस्तर जिला मुख्यालय में भी मंडल की टीम शनिवार की सुबह यहां पहुंच गई। 15 और 16 फरवरी को जिलों की समन्वयक संस्थाएं माशिमं के कर्मचारियों-अफसरों की मौजूदगी में ये प्रश्नपत्र वितरित करेंगी। विभिन्न सेंटरों में परीक्षा देने वाले छात्रों की उपस्थिति सूची से मिलान कर निर्धारित संख्या में सील पैक प्रश्न पत्र केंद्राध्यक्षों को ही दिए जाने हैं।
कम हुए पेपर तो 19 को मिलेंगे: मंडल को गोपनीय सामग्री के साथ प्रश्न पत्रों का वितरण 15 और 16 फरवरी को करना है। इस बीच जब केंद्राध्यक्ष को पैकेट मिलेंगे तो उन पर प्रश्नपत्रों की संख्या लिखी हुई रहेगी। किसी केंद्राध्यक्ष को यदि किसी भी कारण से कम प्रश्नपत्र प्राप्त होते हैं समन्वयक संस्था में उपस्थित मंडल के अधिकारियों को तत्काल अवगत कराना होगा। उसके बाद ऐसे केंद्राध्यक्षों को 19 फरवरी को बचे हुए प्रश्नपत्र दिए जाएंगे।
7 ब्लाकों में 3 बसों और 11 जीप से पहुंचेंगे पेपर
बस्तर जिले के सातों ब्लाकों में 63 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के इंचार्ज को उनके क्षेत्रों में स्थित पुलिस स्टेशन तथा आउटपोस्ट तक प्रश्न पत्र पहुंचाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के द्वारा 3 बसों और 11 जीप का इंतजाम किया है। जैसे ही समन्वयक संस्था से किसी केंद्राध्यक्ष को पेपर व अन्य गोपनीय सामग्री मिलेगी, उसे पुलिस कर्मचारियों की मदद से सुरक्षा के बीच थानों में रखवाया जाएगा। जिस दिन जिस विषय का पर्चा होगा उसी दिन केंद्राध्यक्ष या सहायक केंद्राध्यक्ष थाने से पेपर निकालकर परीक्षा शुरु होने से आधा घंटा पहले लेकर आएगा।
हर जिले में रहेगी मंडल की टीम
हर जिला में प्रश्न पत्र वितरण के दौरान मंडल की टीमें रहेंगी। ये दल सुनिश्चित करेंगे कि सभी जगह वितरण सही ढंग से हो गया है। जिला प्रशासन की मदद से पेपर दूर-दराज के केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। यदि किसी केंद्राध्यक्ष को प्रश्न पत्र कम संख्या में मिलते हैं तो 19 फरवरी को इसकी पूर्ति कर दी जाएगी। बीएल चौधरी, सेक्शन आफिसर माशिमं