- Hindi News
- पूर्व विधायक ने टिकट मांगा नपं अध्यक्ष का
पूर्व विधायक ने टिकट मांगा नपं अध्यक्ष का
नगरीय निकाय चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। पूर्व विधायक समेत आधा दर्जन लोगों ने टिकट के लिए किया आवेदन।
जगदलपुर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तय करने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के प्रभारियों ने सदस्यता अभियान तेज करने की समझाइश दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वार्ड कमेटी और बूथ कमेटी का गठन कर कार्य में जुट जाने की बात कही। पीसीसी के नगरीय निकाय प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर और अरुण भद्रा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे राशन कार्ड निरस्त करने के मुद्दे पर जनता के साथ लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि बस्तर में राशन कार्ड से नाम काटने के लिए दावा-आपत्ति के दौरान भी कम लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किया है। उन्होंने मतदाता सूची पर भी ध्यान देने की बात कही। जिससे कांग्रेस के परंपरागत वोटरों के नाम काटे जा सकें। इसके अलावा उन सभी मतदाताओं से सीधा संपर्क करने को कहा गया है जिन्होंने 18 वर्ष की उम्र पूरी कर ली है। ब्लाक मुख्यालय बस्तर के कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में नगरपंचायत क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ता और नगरपंचायत के पार्षद गण मौजूद थे। विधायक लखेश्वर बघेल ने कांग्रेस की सदस्यता अभियान पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस पार्टी का सदस्य बनाया जाना है। भाजपा सरकार के कारनामों को भी उजागर करने की बात कही गई। जिससे जनता को भाजपा सरकार द्वारा की जा रही धोखेबाजी से बचाया जा सके। बैठक में कांग्रेस नेता प्रेमशंकर शुक्ल, फत्तेसिंह परिहार, श्याम दीवान, गणेश राम बघेल सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।
0 आधा दर्जन कार्यकर्ताओं ने मांगा नपं अध्यक्ष का टिकट
बस्तर नगरपंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेसियों ने जमकर उत्साह दिखाया है। इस बार नगरपंचायत अध्यक्ष की दौड़ में पूर्व विधायक अंतूराम कश्यप भी हैं। उन्होंने नगरीय निकाय प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर को अपना आवेदन सौंपा है। इनके अलावा पार्षद शंकर बघेल, रैनूराम भारद्वाज, रामप्रसाद नाग आदि ने भी अपनी दावेदारी पेश की है।