भाजपा जिला संगठन की नई टीम इसी हफ्ते तय होगी
भाजपा संगठन चुनाव के तहत जिला अध्यक्ष का चुनाव 2 महीने पहले हो गया था। उसके बाद नई टीम में जगह बनाने स्थानीय कई नेता काफी सक्रिय रहे। वहीं अब जाकर अध्यक्ष ने जिला की टीम में विभिन्न पदों के लिए नेताओं की सूची प्रदेश संगठन को भेज दी है। इस सूची को हरी झंडी प्रदेश अध्यक्ष देंगे। माना जा रहा है कि सूची में पार्टी के कुछ नाराज और उन लोगों को जगह मिलेगी, जिन्हें विभिन्न चुनावों में तव्वजो नहीं मिली थी।
एक तरह से जिला की टीम में तीन-चार नेताओं को एडजस्ट किया गया है। इस तरह की पहल भाजपा में प्रदेश स्तर पर भी हुई है। जगदलपुर में विधायक को पर्यटन मंडल का अध्यक्ष बनाने के बाद लालबत्ती दी गई। इसी तरह संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता श्रीनिवास राव मद्दी को वन विकास निगम का अध्यक्ष बनाकर लाल बत्ती से नवाजा गया जबकि दोनों नेता जगदलपुर शहर से ही हैं।
बस्तर में भाजपा के 4 विधायक, चारों को लाल बत्ती: गुजरे विधानसभा चुनाव में बस्तर की 12 विधानसभा सीटों में से भाजपा के हिस्से चार सीटें ही आई थी। पहले चरण में नारायणपुर से जीते केदार कश्यप को मंत्री बनाया गया। मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार में बीजापुर से जीते विधायक महेश गागड़ा को भी वन मंत्री बनाकर मुख्यमंत्री ने उन्हें अपनी केबिनेट में जगह दी।
क्षेत्रीय संतुलन बनाते जगदलपुर के विधायक संतोष बाफना को पर्यटन मंडल की कमान और अंतागढ़ के विधायक भोजराज नाग को बस्तर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बना कर लाल बत्तियां दी। इस तरह चारों विधायकों को लाल बत्ती का सुख दिया गया। वहीं हाल ही में वन विकास निगम के अध्यक्ष के तौर पर एक लाल बत्ती और बढ़ गई है।
इसलिए अहम है जिम्मेदारी
संगठन में फेरबदल के साथ सत्ता पक्ष को भी प्रदेश के मुखिया ने जिम्मेदारियां दी है। ये जिम्मेदारी इसलिए अहम है कि 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले डैमेज कंट्रोल किया जाए। हालांकि कांग्रेस से सीटें वापस लेना भाजपा के लिए आसान नहीं है। वजह यह है कि कांग्रेस से कहीं ज्यादा गुटबाजी और खींचतान भाजपा में है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ढाई महीने पहले मंडलों के चुनाव में जो 4 मंडल अध्यक्ष अटके हैं वो आज तक क्लीयर नहीं हो पाए हैं। ऐसी स्थिति में बड़ी जिम्मेदारियां मिलने के बाद भी कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है।