- Hindi News
- मिलेगी भरपूर बिजली, रोशन होंगे बस्तर के सैकड़ों गांव
मिलेगी भरपूर बिजली, रोशन होंगे बस्तर के सैकड़ों गांव
{बनेंगे तीन उपकेंद्र, 100 किमी के घेरे में बिछाए जाएंगे तार
{बीजापुर सुकमा में एक-एक दंतेवाड़ा में दो उपकेंद्र स्वीकृत
भास्करन्यूज | जगदलपुर
बस्तरजिले के बालेंगा, मालगांव और गारेंगा इलाके के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही इन क्षेत्रों के सैकड़ों गांवों में बिजली समस्या का समाधान होगा। कई गांवों को रोशन करने के लिए बिजली के तार भी बिछाये जाएंगे। इलाके को भरपूर बिजली मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार ने 20 करोड़ रुपये अवमुक्त किये हैं।
दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत मालगांव (बकावंड), बालेंगा (भानपुरी) और गारेंगा में 33/11 केवी के तीन नए सब-स्टेशन बनाये जाएंगे। इसके अलावा 100 किमी के क्षेत्र में बिजली की नई लाइन बिछाने और ग्रामीण इलाकों में 200 नए ट्रांसफार्मर लगाने को भी मंजूरी मिल गई है। बस्तर के अलावा दंतेवाड़ा में 2, बीजापुर और सुकमा जिलों में एक-एक उपकेंद्र के निर्माण को मंजूरी दी गई है। मार्च से विद्युतीकरण योजना पर काम शुरू भी हो जाएगा। जिसे दो वर्ष के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कम समय में दूर होगी गड़बड़ी
नयेउपकेंद्र बनना और ट्रांसफॉर्मर लगना उपभोक्ताओं के साथ-साथ विद्युत वितरण कम्पनी के लिए भी हितकर है। विद्युत वितरण कम्पनी के अधीक्षण यंत्री यूआर मिरचे ने बताया कि काम पूरा होने के बाद किसी क्षेत्र में फॉल्ट आएगा तो उसे काफी कम समय में सुधारा जा सकेगा। लोगों को ज्यादा देर तक पॉवर कट की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी। इसके अलावा लाइन लॉस भी घटेगा। बस्तर जिले में अब तक 20 फीसदी से ज्यादा लाइन लॉस होना माना जाता है। इसे कम करने की मशक्कत पिछले तीन-चार साल से चल रही थी।
^ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत घोटिया से भानपुरी से जुड़े क्षेत्रों में नई केबल भी बिछायी जाएगी। वहीं उपकेंद्र के नये फीडरों ट्रांसफार्मरों के कारण लम्बे समय से बरकरार लो-वोल्टेज की समस्या का भी समाधान हो जाएग। इससे आये दिन होने वाली बिजली की आंख-मिचौली से भी राहत मिलेगी। - यूआरमिरचे, अधीक्षण यंत्री, विद्युत वितरण कंपनी
लो वोल्टेज की समस्या से गांवों को मिलेगी निजात
{इस पूरी योजना को पूरा करने 20 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। दो वर्ष के अंदर काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
{ घोटिया से भानपुरी तक अंदरूनी इलाके में नई तारों का जाल बिछेगा। इसके अलावा जिन स्थानों पर नए सब स्टेशन लगाए जा रहे हैं वहां से चारों दिशाओं में नए फीडर निकाले जाएंगे और लाइनें भी बिछेंगी।
{ जिले में अनेक ग्रामीण इलाके ऐसे हैं जहां आए दिन बिजली कटौती की शिकायत रहती है। इतना ही नहीं लगातार उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने के कारण लोड बढ़ा है।
{ इतना ही नहीं बालेंगा क्षेत्र में क्रशर प्लांट लगने के कारण आसपास लो वोल्टेज की समस्या भी बढ़ी है। इसी के कारण चलते चयनित क्षेत्रों में पहले सुविधा का विस्तार किया जा रहा है।