अटल व तिलक वार्ड की सड़कें उखड़ीं, फैली गंदगी, कुछ करें महापौर साहब
जगदलपुर | जय बस्तर विकास संघर्ष समिति के सदस्यों की अगुवाई में नगर निगम का किया घेराव अटल बिहारी और लोकमान्य तिलक वार्ड के लोगों ने। महापौर ने जल्द से जल्द सभी समस्याओं को दूर करने का दिया आश्वासन।
महीनों से गंदे पानी की निकासी, पेयजल की समस्या और सड़क निर्माण नहीं होने से हो रही दिक्कतों को लेकर गुरूवार को लोकमान्य तिलक और अटल बिहारी वाजपेई वार्ड के 50 से अधिक लोग जय संघर्ष समिति के सदस्यों की अगुवाई में नगर निगम कार्यालय पहुंचे। लोगों ने कार्यालय के बाहर ही महापौर जतीन जायसवाल और एमआईसी मेंबर राजेश चौधरी को दोनों वार्ड में लोगों को हो रही समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द समस्या दूर करने की बात कही।
समित के संतोष यादव और रवि सरकार ने बताया कि वार्डवासी पिछले कई दिनों से वार्ड पार्षद और निगम के अधिकारियों से इन सुविधाओं को लेकर गुहार लगा चुके हैं। लेकिन उनकी समस्या को निपटाना तो दूर मौके पर जाने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। जिसका खामियाजा दोनों वार्ड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
जल्द होंगी समस्याएं दूर
महापौर जतीन जायसवाल ने कहा कि भागीरथी नल योजना की राशि खत्म हो जाने से काम बंद हो गया था। लेकिन अब राज्य शासन से राशि आ चुकी है। जल्द ही चिन्हांकित लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा अन्य समस्याअों को दूर किया जाएगा। सफाई को लेकर एमआईसी मेंबर और कर्मचारियों को निर्देश दे दिया गया है।
15 सालों में राहत नहीं 200 परिवार जूझ रहे
लोकमान्य तिलक वार्ड के लांेगाें ने बताया कि 15 सालों में अब तक एक भी सफाई कर्मी और कचरा गाड़ी नहीं आई है। जबकि अटल बिहारी वाजपेई वार्ड के पुजारी पारा में 200 परिवार पिछले दो सालों से भागीरथी नल जल योजना का लाभ लेने के लिए चक्कर लगा रहे हैं
जगदलपुर . ननि कार्यालय परिसर में समस्याअों को लेकर महापौर जतीन जायसवाल से चर्चा करते जय बस्तर संघर्ष समिति के सदस्य।