बेमेतरा जपं में आज अध्यक्ष के लिए चुनाव
पंचायतचुनाव होने के बाद बेमेतरा जनपद के नए अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव 13 फरवरी को 11 बजे सामुदायिक सभा भवन में होगा। शासन द्वारा घोषित जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए बेमेतरा जनपद में तैयारी जारी है। 17 सदस्य नवागढ़ विधानसभा 6 सदस्य बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र से चुनकर आए हैं। कुल 23 सदस्यीय जनपद वाले बेमेतरा जनपद अध्यक्ष के लिये ग्राम भोइनाभाठा से विजयी शशिप्रभा गायकवाड़ के पक्ष मे 16 जनपद सदस्य एक साथ लामबंद होकर भ्रमण पर चले गए हैं। जिससे कांग्रेस समर्थित बेमेतरा जनपद अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। इसी प्रकार जनपद उपाध्यक्ष के लिये सनतधर दीवान के पक्ष मे लामबंद जनपद सदस्यों के द्वारा लाबिंग की जा रही है। 11 बजे से अध्यक्ष के लिये नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। एक घंटे के अंतराल के बाद अध्यक्ष चुनाव के तत्काल बाद जनपद उपाध्यक्ष का चुनाव सदस्यों के द्वारा किया जाएगा।
बेमेतरा जनपद सदस्य चुनाव में सर्वाधिक कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्य चुनाव जीत गए हैं। जिससे भाजपा में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चयन के लिए अभी तक कोई सुगबुगाहट सुनाई नहीं पड़ रही है। फिलहाल 16 जनपद सदस्य एक साथ शशिप्रभा गायकवाड़ के पक्ष मे लामबंद होकर भ्रमण पर हैं। भाजपा समर्थित जनपद सदस्य शांत हैं।