बाइक चोरी, डिक्की में थी रकम और मोबाइल
घर के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल, जुर्म दर्ज
भास्कर न्यूज | कांकेर
कोचवाही में गुरुवार को घर के सामने से मोटर साइकिल चोरी हो गई। डिक्की में 20 हजार रुपए और मोबाइल भी थी। पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।
नरहरपुर थानांतर्गत ग्राम कोचवाही में चोरों ने मोटरसाइकिल पार कर दी। मोटरसाइकिल की डिक्की में 20 हजार रुपए के साथ मोबाइल भी था। पुलिस के अनुसार ग्राम कोचवाही निवासी नकुल कोर्राम 29 वर्ष पिता लच्छूराम 11 फरवरी को मोटरसाइकिल नंबर-सीजी 19 बीसी 3769 पर समूह की रकम बैंक में जमा करने निकला था।
समूह के 20 हजार रुपए और मोबाइल उसने मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे थे। इस बीच किसी काम से वह घर के भीतर गया और लौटने पर पाया कि मोटरसाइकिल नदारद थी। उसने मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 379 के तहत जुर्म दर्ज किया है।
आपसी रंजिश के चलते मारा चाकू
कांकेर | लोहत्तर थानांतर्गत ग्राम मोहगांव में एक युवक को गांव के ही एक व्यक्ति ने पेट में चाकू से मारकर घायल कर दिया। ग्राम मोहगांव निवासी तुलसीराम पुड़ो पिता सुनेर के घर में घुसकर गांव के तिलक राम गावड़े पिता कंवर सिंह ने पुरानी रंजिश को लेकर पेट में चाकू से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज भानुप्रतापपुर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी तिलकराम के खिलाफ धारा 307, 450 आईपीसी का मामला दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है।
वाहन की टक्कर से मजदूर घायल
कांकेर | ग्राम तारसगांव मोड़ में वाहन की टक्कर से पैदल जा रहा ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। 12 फरवरी को ग्राम बुदेली निवासी लखनराम पिता सियाराम मजदूरी करके अपने घर जा रहा था। कांकेर की ओर से आ रहे वाहन सीजी 04 जेएफ 3936 ने तारसगांव मोड़ के पास टक्कर मार दी। लखनराम को सिर और पैर में चोट लगी है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 337 आईपीसी का मामला दर्ज किया।
ग्रामीण ने लगाई फांसी
कांकेर | अंतागढ़ थानांतर्गत ग्राम कलगांव निवासी चंद्रदेव गावड़े 40 वर्ष पिता लच्छूराम ने 11 फरवरी को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना कर रही है।
तालाब में डूबकर बच्ची की मौत
चारामा | शुक्रवार की शाम तालाब में डूबने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार नाकापारा निवासी लोकेंद्र देवांगन की सात वर्षीय पुत्री निधि स्कूल से लौटने के बाद अपनी सहेलियों के साथ खेलने निकली थी। खेलते-खेलते सभी सरार तालाब की ओर चले गए। यहां से सभी बच्चे लौट गए, लेकिन निधि नहीं लौटी। इस पर परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया। इसी दौरान मोहल्लेवासियों ने परिजनों को तालाब में डूबने की जानकारी दी। इसके बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।