एसएमएस से चल रहा था सट्टा पट्टी में कोडवर्ड में मिले नाम
नगर में एसएमएस के जरिए सट्टा बाजार चल रहा था। सूचना पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर दो सटोरियों को गिरफ्तार किया। पान ठेला व पंचर दुकान की आड़ में सट्टे का कारोबार चल रहा था। सटोरियों से 36700 रुपए, मोबाइल और सट्टा-पट्टी जब्त की गई है। सट्टा-पट्टी में कई लोगों के नाम कोडवर्ड में मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी आई तिर्की के अनुसार दुर्गूकोंदल में सट्टा बाजार काफी बढ़ गया है। मुखबिरों के जरिए लगातार सूचनाएं मिल रहीं थीं। सटोरिए मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिला रहे थे। कोई जगह तय न होने के कारण उन तक पहुंचने में दिक्कत पेश आ रही थी।
पुलिस सटोरियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। इस बीच मुखबिर से पता चला कि निरंजन कुमार साहू पान ठेला व पंचर दुकान की आड़ में सट्टा खिला रहा है। बिहारी जैन सहित क्षेत्र के अन्य सटोरिए उससे जुड़े हुए हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दुकान पर दबिश देकर उसे सट्टा लिखते रंगे हाथ पकड़ा। सटोरिए के एक साथी काे भी गिरफ्तार किया गया। सटोरिए से मोबाइल, सट्टा-पट्टी, पेन 36700 रुपए बरामद किए गए। कार्रवाई में एसआई एसएस साहू, मोहले, प्रधान आरक्षक कैलाश पांडे शामिल थे।
निरंजन साहू बिहारी जैन
मैसेज से सटोरियों तक पहुंचेगी पुलिस
दुर्गूकोंदल के सटोरियों के तार रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, भानुप्रतापपुर, धमतरी से जुड़े हुए हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद कई सटोरिए गायब हो गए हैं। पुलिस अब जब्त मोबाइल पर मिले मैसेज और नबंरों के काॅल डिटेल खंगाल रही है। इससे सहारे खाइवाल तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं अन्य सटोरियों पर कार्रवाई की तैयारी है।