वेलेंटाइन-डे के विरोध में जलाई गई कार्डों की होली
इकरार-इनकार के बीच प्यार
मोहब्बत के पर्व वेलेंटाइन डे पर हर बार की तरह इस बार भी शहर में रौनक रही। युवाओं ने एक-दूसरे को तोहफे देकर अपनी भावनाओं का इजहार किया। बाजार, रेस्टारेंट, गार्डन, पिकनिक स्पॉट समेत अन्य जगहों पर जोड़ों ने इस दिन को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रविवार की छुट्टी के बाद भी शहर में चहल-पहल नजर आई। धार्मिक संगठनों का विरोध जारी रहा और कार्यकर्ता शहर में घूमते भी रहे। हालांकि इसका कोई असर युवाओं पर नजर नहीं आया।
शहर में रविवार को वेलेंटाइन डे की धूम रही। विश्राम सिंह पार्क, अलबेलापारा गार्डन, आक्सीवन, गढ़िया पहाड़ के अलावा इशान वन, मलांजकुड़ूम समेत अन्य जगहों पर पूरे दिन रौनक रही। युवाओं के साथ प्रेमी जोड़े, दंपति इन जगहों पर वेलेंटाइन डे सेलीब्रेट करने पहुंचे थे। इशान वन पहुंचे ग्राम बाबू साल्हेटोला के प्रेमी जोड़े ने कहा कि दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद सगाई हो चुकी है और जल्द ही शादी होने वाली है। ऐसे में उनके लिए वैलेंटाइन डे काफी महत्व रखता है। कुछ प्रेमी जोड़ों ने इस दिन के विरोध को गलत बताया। चारामा से पहुंचे विनोद कटारे व प|ी शशि ने कहा कि दो महीने पहले उनकी शादी हुई है। यह उनका पहला वेलेंटाइन डे है। इसे यादगार बनाना चाहते हैं। इसलिए वे इशान वन घूमने पहुंचे हैं। वहीं धार्मिक संगठनों के विरोध के चलते पुलिस ने इन जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने जवानों की ड्यूटी लगाई थी।
गिफ्ट दुकानों में रही भीड़-भाड़
वेलेंटाइन डे पर बाजार में खासी भीड़-भाड़ रही। दुकानों में सुबह से शाम तक खरीदारी करने युवा पहुंचते रहे। युवाओं के अलावा विवाहितों ने भी एक-दूसरे के लिए गिफ्ट खरीदे। इस दौरान दुकानों में हार्ट शेप खिलौने, कार्ड, चाॅकलेट, सीनरी के अलावा टेडीबियर की खासी बिक्री हुई। कारोबारी नीरज सबनानी, विदेश साहू, बिंदेश्वर साहू ने बताया कि वेलेंटाइन डे पर रविवार को गिफ्ट की अच्छी मांग रही।
विरोध में बाइक रैली, दी समझाइश
बजरंग दल व श्रीरामजी की सेना ने वेलेंटाइन डे का विरोध करते हुए शहर में मोटरसाइकिल रैली निकाली। उन्होंने विरोध में नारेबाजी की। संगठन ने आक्सीवन में दो प्रेमी जोड़े को पकड़ा और समझाइश देकर छोड़ दिया। बजरंग दल के जिला संयोजक विजय जैन ने कहा कि वेलेंनटाइन डे हमारी संस्कृति नहीं है। यह फूहड़ता है, जिसके चलते विरोध कर रहे हैं।
कांकेर| वेलेंटाइन डे का विरोध करते शहर में घुमते रहे धार्मिक संगठन के कार्यकर्ता।
छात्रों ने पहले ही मना लिया वेलेंटाइन डे
वेलेंनटाइन डे का क्रेज सबसे अधिक छात्रों में रहा। इस बार वेलेंटाइन डे रविवार को पड़ने के कारण छात्रों में निराशा रही। इसके चलते अधिकांश छात्र-छात्राओं ने एक दिन पहले ही वेलेंटाइन डे मना लिया था। शनिवार को छात्र-छात्राओं ने स्कूल से बाहर एक-दूसरे को तोहफे दिए।
भानुप्रतापपुर| वेलेंटाइन डे के विरोध में जलाया कार्ड।