प्रभारी से परेशान हमालों ने बंद कर दिया कामकाज
भास्कर न्यूज| भानुप्रतापपुर
धान भंडारण केंद्र भानुप्रतापपुर के प्रभारी के रवैए से हमाल परेशान हैं। इसके चलते हमालों ने शनिवार से काम बंद कर दिया है। उन्होंने प्रभारी पर भेदभाव बरतने का आरोप लगाया है।
हमाल संघ के अध्यक्ष श्रीराम रजक ने बताया संबलपुर मेला के लिए प्रभारी मुकूंदराम साहू से दो दिन के लिए 35 हमाल छुट्टी लिए थे और आने के बाद काम करने कहे थे। इस पर उन्होंने सहमति दी थी, लेकिन हमारे छुट्टी में जाते ही दूसरे लोगों को हमाली काम में रख लिया गया। इसके चलते हमारी रोजी-रोटी प्रभावित हो रहा है।
हमाल चिमन भोयर, सुधूराम कोठारे, फागूराम खरे, किशून भोयर ने बताया हम रोज हमाली के लिए आते हैं। कभी-कभी काम भी नहीं रहता तो भी यहां रहते हैं। इसके बाद भी प्रभारी द्वारा इस प्रकार दूसरे व्यक्ति को लगाकर काम कराया गया, जो समझ से परे हैं। हमाल, दाउराम भोयर, श्रीराम रजक ने बताया प्रभारी से परेशान है।
कमीशन की मांग
हमालों ने बताया प्रभारी द्वारा हम गरीब हमालों से कमीशन की मांग की जाती है और नहीं देने पर काम करने नहीं देने की बात कही जाती है। प्रति टन के हिसाब से कमीशन की मांग की जाती है। इससे हम सभी हमाल परेशान है। इसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
भानुप्रतापपुर| हमालों ने प्रभारी के खिलाफ किया प्रदर्शन।