पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पखांजुर में जवान को चार गोली मारी, बीजापुर में तीन नक्सली मारे

पखांजुर में जवान को चार गोली मारी, बीजापुर में तीन नक्सली मारे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज |कांकेर/ बीजापुर

दो अलग-अलग नक्सली घटनाओं में शनिवार को बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया तो तीन नक्सलियों को मार गिराया गया है। नक्सलियों ने पखांजुर में बाजार आए जवान को चार गोली मारी, तो बीजापुर में मुठभेड़ के दौरान तीन नक्सलियों को मार गिराया। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पखांजुर थाना क्षेत्र के संगम गांव में शनिवार को बाजार में खरीदारी करने पहुंचे निहत्थे जवान की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बीएसएफ के कैंप से महज सौ मीटर की दूरी पर सुबह 9 बजे की है। 122 बटालियन के शहीद जवान हरिकेश प्रसाद (30) पर हमला करने वाले नक्सली पहले से घात लगाकर बैठे थे। शेष|पेज 11



नक्सलियों ने जवान पर काफी करीब से चार गोलियां दागीं। इनमें दो गोली सिर, एक बांह और एक पीठ में लगी। तीन गोलियां शरीर को भेदते हुए आरपार हो गईं जबकि एक गोली सिर में ही फंस गई। गोलियां चलने से बाजार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में हरिकेश प्रसाद को तत्काल पखांजुर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हेलिकॉप्टर से रायपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शहीद जवान मनेंद्रगढ़ के मूल निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला करने वाले नक्सली तीन की संख्या में थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे बाजार के रास्ते नदी की ओर भाग गए। बताया जा रहा कि घटना को नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने अंजाम दिया है।

मुठभेड़ के बाद कई जवान महाराष्ट्र में फंसे
बीजापुर पुलिस ने शनिवार को महाराष्ट्र बॉर्डर की सीमा से लगे सेंड्रा के जंगलों में तीन नक्सलियों को मार गिराया। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की टीम ने सुबह 9 बजे फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में ऑपरेशन चलाया था। घटनास्थल से 15 बाेर की चार और एक थ्री नॉट थ्री रायफल बरामद की गई है। डीआरजी टीम सर्चिंग पर निकली थी। नक्सलियों ने फोर्स को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी गोलियां चलाई। सर्चिंग में तीन नक्सलियों के शव और पांच हथियार बरामद किए गए हैं। कई नक्सलियों के जख्मी होने की भी संभावना है। मारे गए नक्सलियों के शव हेलिकॉप्टर से बीजापुर लाए गए हैं। कुछ जवान महाराष्ट्र के दमरंचा थाने में सुरक्षित हैं। उन्हें रविवार की सुबह निकाल लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...