बीजापुर जिले में 11 नक्सली गिरफ्तार
बीजापुर जिले में 11 नक्सली गिरफ्तार
बीजापुर| तीनअलग-अलग घटनाओं में नक्सलियों की खोज में निकले सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ और सर्चिंग के दौरान 11 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनमें वर्ष 2012 में जिला पंचायत सदस्य सलवा जुडूम नेता सिका मांझी की हत्या में शामिल सावनार निवासी हेमला गुड्डू भी है।
पुलिस के मुताबिक एसपी के निर्देश पर बीजापुर से शनिवार को निकले सीआरपीएफ, कोबरा और जिला बल की संयुक्त टीम की एरमागुंडा के निकट नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। करीब घंटे भर की गोलीबारी के बार नक्सली भाग खड़े हुए। अगले दिन पीड़िया के निकट जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने यहां से घेरेबंदी कर हेमला गुड्डू, हेमला शंकर और कोरसा पायकू को गिरफ्तार किया है। माटवाड़ा के निकट एनएच किनारे पेड़ों पर बैनर-पोस्टर लगाने आए लक्ष्मण हेमला, लेकाम पांडू, हेमला आयतू हेमला सुखराम को पकड़ा। पुलिस ने इनके पास से 10 किग्रा का एक टिफिन बम, 2 डेटोनेटर और बिजली के तार बरामद किया है। एक अन्य घटना में बीजापुर से निकले सुरक्षा बलों ने चिहका-भटवाड़ा मार्ग पर बम लगा रहे नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के बाद चार नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए नक्सली वारसे बिज्जा, वेट्टी जोगा, पोड़ियाम मुंडो और ओयाम बुधु के पास से पुलिस ने एक भरमार, 3 किग्रा के दो आईईडी, नौ डेटोनेटर और 30 मीटर बिजली के तार बरामद किए गए हैं।