ग्रेड बढ़वाने एमएमआर कालेज ने की तैयारी
शासकीय एमएमआर स्नातकोत्तर महाविद्यालय चांपा के ग्रेडिंग के लिए नैक बैंगलुरू की टीम निरीक्षण करने 15 फरवरी को आएगी। यह टीम तीन दिवसीय दौरे पर रहकर महाविद्यालय के स्तर की जांच करेगी। ग्रेडिंग को लेकर कालेज प्रबंधन ने तैयारी कर ली है। महाविद्यालय के रंगरोगन, सीसी कैमरे समेत अन्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। नैक की टीम 15 फरवरी से तीन दिन तक महाविद्यालय में रहकर निरीक्षण कर कालेज को ग्रेड देगी।
इस दौरान पूर्व छात्रों व पालकों से भी नैक की टीम रूबरू होंगी। नैक द्वारा शैक्षिक संस्था की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाता है। इस साल ग्रेडिंग में सुधार के लिए महाविद्यालय द्वारा पूरा प्रयास किया जा रहा है। ग्रेडिंग के संबंध में प्रो. दीवान ने बताया कि महाविद्यालय का 2007 में नैक की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया था और महाविद्यालय को बी ग्रेड प्राप्त हुआ था। पांच साल बाद फिर ग्रेडिंग होना था, लेकिन किसी कारणवश महाविद्यालय दो साल ग्रेडिंग के लिए पीछे हो गया। उन्होंने बताया कि अब पहले की अपेक्षा कालेज में सुविधाओं का विस्तार हो गया है। महाविद्यालय में 16 सौ विद्यार्थी हैं।
एमएमआर कालेज में कई ऐसे पाठ़यक्रम भी संचालित हैं जो अन्य महाविद्यालयों में नहीं हैं। इन सब बातों के आधार पर इस बार कालेज का ग्रेड बढने की उम्मीद है।
ये है गुणवत्ता के मापदंड
शैक्षिक प्रक्रियाओं में संस्था का प्रदर्शन, पाठ्यक्रम चयन एवं कार्यान्वयन , शिक्षण अधिगम एवं मूल्यांकन तथा छात्रों के परिणाम, संकाय सदस्यों का अनुसंधान कार्य एवं प्रकाशन, बुनियादी सुविधाएं तथा संसाधनों की स्थिति, संगठन व प्रशासन व्यवस्था, आर्थिक स्थिति तथा छात्र सेवा को ध्यान में रखते हुए ग्रेडिंग की जाती है।
ग्रेड बढ़वाने शासकीय एमएमआर स्नातकोत्तर महाविद्यालय हुआ चकाचक।