बेजा कब्जा हटाने की मांग
अफरीद-चांपा.बेजाकब्जा हटाएबिना भ्रामक प्रतिवेदन के आधार पर शिकायत को विलोपित किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्राम जागरण महिला समिति अफरीद की अध्यक्ष श्रीमती संगीता दीवान ने मामले की निष्पक्ष जांचकर चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कलेक्टर से की है। अपनी शिकायत में श्रीमती दीवान ने बताया है कि ग्राम जागरण महिला समिति द्वारा अपरीद में चारागाह भूमि को मुक्त कराने 3 जून को चांपा तहसील कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया किया गया और उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। इस शिकायत के आधार पर लोगों की बांडियों का घेरा हटा दिया गया।
कुछ दिन बाद पुनः बेजा कब्जाधारी उस जमीन पर काबिज हो गए। जबकि चारागाह पर निर्मित भवन, दुकान को नहीं हटाया गया। इधर चांपा एसडीएम के प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर कार्यालय से जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ को बेजाकब्जा हटाने की जानकारी दी गई है, इसमें चांपा तहसीलदार द्वारा बेजाकब्जा हटाने की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। इस प्रतिवेदन के आधार पर जिला प्रशासन ने शिकायत को विलोपित करने योग्य बताया है जबकि श्रीमती संगीता दीवान का कहना है कि चारागाह की भूमि पर मकान और दुकान अब भी बने हैं और राज्य शासन को भ्रामक जानकारी भेजी गई है। उन्होंने गांव से शीघ्र बेजाकब्जा हटाए जाने की मांग की है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि तहसील कार्यालय में जांच प्रतिवेदन मांगे जाने के दो माह बाद भी सूचना के अधिकार के तहत जानकारी नहीं दी गई है। इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
======