- Hindi News
- छात्रावास में बच्चों का रखें विशेष ध्यान : भोई
छात्रावास में बच्चों का रखें विशेष ध्यान : भोई
आदिवासी विकास शाखा जिला बालोद के आयुक्त आरएस भोई ने शनिवार को क्षेत्र के आश्रम छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने आदिवासी कन्या आश्रम कुसुमकसा में अधीक्षिका चंडेल से आश्रम में पदस्थ भृत्यों की जानकारी ली। बच्चों के शयनकक्ष पहुंच कर उनके पलंग गद्दो के बारे में पूछताछ की। पेयजल, बिजली, पंखे बच्चों की भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को हरी सब्जी खिलाने की बात कही।
अधीक्षिका चंडेल ने बताया कि आश्रम में महिला गार्ड की आवश्यकता है। इस पर श्री भोई ने 1 अक्टूबर से महिला गार्ड की व्यवस्था का आश्वासन दिया। आश्रम के निरीक्षण के बाद वे प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास पहुंचे। जहां अधीक्षक राजकुमार भोयर ने छात्रावास में रहने वाले बच्चों के विषय में पूरी जानकारी आयुक्त को दी। भोजन व्यवस्था, बच्चों के शौचालय कमरों का निरीक्षण कर पेयजल निस्तारी के लिए जल व्यवस्था के विषय में पूछताछ की। अधीक्षक श्री भोयर ने छात्रावास के खंडहरनुमा भवन के स्थान पर नए कमरे के निर्माण की मांग की गई। आयुक्त श्री भोई ने इस समस्या को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया। दोनों जगहों के निरीक्षण के बाद आयुक्त ने संतुष्टि जताते हुए बच्चों का विशेष ख्याल रखने की बात अधीक्षकों से कही।