परिजनों ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग
गुरुवार को ग्राम माटकसा के पास घटी सड़क दुर्घटना में नगर के वार्ड 20 गांधी चौक निवासी शिक्षिका गोमती हिरवानी और उनके पुत्र अंतर्राष्ट्रीय म्यूथाई खिलाड़ी ऋषभ हिरवानी की मौत के बाद उसके परिजन एवं साथियों ने शुक्रवार को अंतिम संस्कार करने के तुरंत बाद शाम 5 बजे 60-70 की संख्या में राजहरा थाने पहुंचकर पुलिस से इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पूर्व विधायक जनकलाल ठाकुर, साहू समाज अध्यक्ष तोरणलाल साहू, निषाद समाज अध्यक्ष घनश्याम पारकर, राजहरा म्यूथाई संघ के महिला व पुरुष खिलाड़ी एवं उनके कोच ने राजहरा थाना टीआई बीआर नाग से सवाल किया कि जब घटना के समय 10 चक्का वाहन गाड़ी आयरन ओर से भरी हुई थी तो शुक्रवार को सुबह जब गाड़ी को थाने लाया गया तो वह खाली कैसे हो गई। गाड़ी को घटना के बाद जब्ती कर थाने क्यों नहीं लाया गया।
राजहरा थाना टीआई बीआर नाग ने कहा कि पुलिस पूरी निष्पक्षता से कार्रवाई कर रही है। वाहन चालक मनोज कुरेटी को शुक्रवार को सुबह गाड़ी सहित गिरफ्तार कर राजहरा थाने लाया गया है। इस मामले में आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं उन्होंने गाड़ी के खाली होने के संबंध में बताया कि इस प्रकार की घटना में घटना का संबंध गाड़ी एवं वाहन चालक से होता है। गाड़ी में रखे सामानों से नहीं।
माटकसा से खड़गांव तक मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति मे: माटकसा निवासी दीपक साहू एवं दशरथ ने बताया कि माटकसा से खड़गांव 13 किमी तक सड़क पूरी तरह से खराब हो चुकी है।
वाहन छोड़कर फरार ड्राइवर हिरासत में
गुरुवार को शाम 3.30 बजे घटी घटना के बाद सीजी 07 सी 3035 वाहन चालक मनोज कुरेटी अपने 10 चक्का वाहन को छोड़कर घटना स्थल माटकसा से फरार हो गया था। उसे शुक्रवार सुबह 9 बजे पुलिस ने हिरासत में लिया है।
दल्लीराजहरा। थाने में टीआई बीआर नाग से सवाल करते मृतक के परिजन।