पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • व्यापारियों ने सांसद अफसरों से की सुविधाएं बढ़ाने की मांग

व्यापारियों ने सांसद अफसरों से की सुविधाएं बढ़ाने की मांग

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुरानाबस स्टैंड व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड में रेल सुविधा के विस्तार के लिए सांसद, जनरल मैनेजर बिलासपुर रेलवे जोन एवं रेलवे रायपुर के मंडल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने बताया कि दुर्ग- दल्लीराजहरा रेलखंड में स्थित बालोद जिला मुख्यालय में अब तक रेलवे की पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाई है। इस रेलखंड में तीन डेमू पैसेंजर प्रतिदिन एक एक्सप्रेस तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार को चल रही है। इससे जिले की ज्यादातर आबादी के साथ उत्तर बस्तर के कई शहर और गांवों को रेल सुविधाओं का लाभ प्राप्त होता है। इसके बाद भी अधिक सुविधा और विस्तार की आवश्यकता है। वर्तमान में दल्लीराजहरा-रायपुर एक्सप्रेस घाटे में चल रही है। घाटे से उबारने के लिए इसे बिलासपुर तक चलाया जाना जरूरी है।

पुराना बस स्टैंड व्यापारी संघ के अध्यक्ष हसमुख टुवानी ने कहा कि दल्लीराजहरा से रायपुर जाने में लोकल कम समय और एक्सप्रेस ज्यादा समय ले रही है। एक्सप्रेस जहां साढ़े तीन घंटे में बालोद से रायपुर पहुंचती है। वहीं लोकल गाड़ी महज ढाई घंटे में यह सफर पूरा कर रही है। परिचालन की इस खामी से एक्सप्रेस से सफर करने में यात्री दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। यह ट्रेन का घाटा बढ़ने की मुख्य वजह है। इस ओर विभागीय अधिकारियों को ध्यान देने की आवश्यकता है।

दल्लीराजहरा-रायपुर एक्सप्रेस सप्ताह में मात्र तीन दिन ही चलती है। गुरुवार, शुक्रवार शनिवार को चलने वाली एक्सप्रेस में इक्का-दुक्का यात्री ही होते हैं। जितना रेल प्रशासन ने इस एक्सप्रेस को शुरू करने इसके मेंटनेंस पर खर्च किया है। उसका कुछ हिस्सा भी यात्री किराया से रेल प्रशासन को नहीं मिल पाता। ऐसे में रेलवे विभाग को घाटा उठाना पड़ रहा है।

^लोगों की मांग आई है। मैं इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर रेल मंत्री से मिलूंगा। हमारा प्रयास रहेगा कि नागरिकों की मांग पूरी हो।” विक्रमउसेंडी, सांसद, कांकेर लोकसभा क्षेत्र

क्षेत्र के व्यापारियों ने रेलवे अफसरों के सामने रखी ये मांगें

1.जिला स्तर की मूलभूत सुविधा पाने की मंशानुरूप रेल्वे प्लेटफार्म में उचित प्रकाश व्यवस्था, शेड विस्तार अति आवश्यक है।

2. 18209/18210 रायपुर-दल्ली एक्सप्रेस जो सप्ताह में तीन दिन चलती है। इसे प्रतिदिन चलाई जाए। साथ ट्रेन की रफ्तार पर ध्यान दिया जाए।

3. जनभावना के अनुसार एक्सप्रेस ट्रेन का नामकरण जिले के जीवनदायिनी नदी तांदुला के नाम पर हो।

4. दल्लीराजहरा-रायपुर एक्सप्रेस बिलासपुर तक चलाई जाए।

5. छत्तीसगढ़ के बड़े रेल जंक्शन में दुर्ग का स्थान है। यहां से बहुत गाड़ियों का संचालन शुरू होता है। इन्हीं में से कुछ गाड़ियों को दल्लीराजहरा से शुरू किया जाए तो इसका लाभ अंचल के साथ-साथ बस्तर के निवासियों को मिलेगा।

6. 78815 एवं 08785 डेमो पैसेंजर में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बोगियों की संख्या तत्काल बढ़ायी जाए।

7. दुर्ग दल्ली रेलमार्ग का दोहरीकरण किया जाए।

8. रेल्वे स्टेशन के शौचालयों की साफ-सफाई प्रतिदिन किया जाए।

एक्सप्रेस के लिए तो सवारी ही नहीं बचती

पुरानाबस स्टैंड व्यापारी संघ के सचिव तरूण बड़तिया का कहना है कि सभी यात्री लोकल डेमो ट्रेन से चले जाते हैं। एक्सप्रेस के लिए तो सवारी ही नहीं बचती। ज्यादातर यात्री चाहते हैं कि अपने गंतव्य स्थान पर जल्दी पहुंच सके। इस वजह से यात्री अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए सुबह लोकल ट्रेन का ही सहारा लेते हैं। पंकज आहुजा, लालचंद नूणीवाल, शरद अग्रवाल, भरत गांधी का कहना है कि जब से दल्लीराजहरा-रायपुर एक्सप्रेस की शुरुआत हुई है। तब से लेकर अब तक एक्सप्रेस में गिनती के यात्री सफर करते हैं। वहीं दूसरी तरफ लोकल डेमो ट्रेन में भीड़ के कारण यात्री खड़े होकर या लटककर सफर करते हैं। लोकल ट्रेन दल्लीराजहरा से ही खचाखच भर कर बालोद पहुंचती है। यहां आने तक तो यात्रियों के लिए सीट ही नहीं बची रहती। ऐसे में रेलवे में सुविधा और विस्तार के लिए रेलवे विभाग को पहल करने की अावश्यकता है।

बालोद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुिवधाओं की कमी है।