- Hindi News
- प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित कर रहा है सप्तगिरी पार्क
प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित कर रहा है सप्तगिरी पार्क
बीएसपीका सप्तगिरि उद्यान नगरवासियों के साथ-साथ आसपास के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 10 फरवरी को होने वाले फ्लावर शो के कारण पार्क में लोगों की आवाजाही बनी हुई है। यह पार्क मैत्रीबाग भिलाई के बाद बालोद जिले का पहला सबसे बड़ा सर्वसुविधायुक्त उद्यान है। इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 10 एकड़ में फैला हुआ है। सात पहाड़ियों से घिरे होने के कारण इस उद्यान का नाम सप्तगिरी पार्क रखा गया है।
बीएसपी प्रबंधन ने स्थानीय कलाकारों की कलाकृतियों को उद्यान स्थित कला वाटिका में संग्रहित कर रखा है। इस उद्यान में रोज बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य लाभ ताजी हवा में भ्रमण करने आते हैं। उद्यान की हरियाली खूबसूरत वादियां प्रत्येक सीजन में स्थानीय के साथ-साथ बाहरी लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित करता है।
सप्तगिरी उद्यान में स्थित सेंट्रल लॉन, बाल वाटिका, कला वाटिका गोल गार्डन गोल तालाब की सुंदरता देखते ही बन रही है। बारिश में उद्यान के तालाब में पर्याप्त पानी भरने से इसकी सुंदरता पर चार चांद लग जाती है। गोल तालाब के ऊपर आईसलैंड समुद्र स्थित किसी टापू का अहसास कराता है।
सप्तगिरी पार्क का यह रूप खास अवसरों पर ही नजर आता है।
दल्लीराजहरा में दस फरवरी को फ्लावर शो के चलते पार्क को ठीक किया गया है।
उद्यान में 710 मीटर आरोग्य पथ भी है
उद्यानमें 710 मीटर आरोग्य पथ का निर्माण किया गया है। जहां लोग सुबह-शाम पैदल चलकर स्वास्थ्य लाभ लेते हैं और उद्यान की सौंदर्य को निहारते हैं। यहां 9 मीटर चौड़ाई 18 मीटर लंबाई का सर्वसुविधायुक्त मंच बनाया गया है। जहां सुबह लोग योगाभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ लेते हैं। पार्क में विभिन्न प्रकार की जीव जंतुओं की बनी मूर्तियों को देखकर बच्चे आनंदित हो जाते हैं। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राएं फिसलपट्टी का भरपूर आनंद उठाते हैं। शाम को महिलाएं उद्यान भ्रमण करने आती हैं। इस प्रकार बारह महीने सप्तगिरी उद्यान में पर्यटकों की चहलकदमी रहती है।
लोगों को पुष्प प्रदर्शनी का रहता है इंतजार
हरसाल फरवरी में बीएसपी प्रबंधन पुष्प मेला लगाया है। फूलों की प्रदर्शनी को देखने के लिए दल्लीराजहरा सहित भिलाई, दुर्ग रायपुर सहित दूरदराज के लोग शामिल होते हैं। साथ ही बीएसपी के ईडी से लेकर एमडी स्तर तक के अफसर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर पुष्प प्रदर्शनी का आनंद उठाते हैं।