- Hindi News
- जिले में बनाई जाएंगी बारह सर्व सुविधायुक्त आदर्श ग्राम पंचायतें
जिले में बनाई जाएंगी बारह सर्व सुविधायुक्त आदर्श ग्राम पंचायतें
प्रथम चरण में कुल 12 ग्राम पंचायतों का किया गया चिन्हांकन
भास्करन्यूज |धमतरी
जिलेके 12 ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम के रूप में स्थापित करने के लिए चयन किया गया है। इन ग्राम पंचायतों में सभी शासकीय योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन कर उसे सर्व सुविधायुक्त बनाया जाएगा। जारी दिशा निर्देशानुसार सभी जिलों के प्रत्येक विकासखंड में 10-10 आदर्श ग्राम पंचायत बनाए जाने हैं। इसके मद्देनजर कलेक्टर भीम सिंह ने प्रथम चरण में जिले के 12 ग्राम पंचायतों का चिन्हांकन कर उन्हें आदर्श गांव के रूप में स्थापित करने की कार्ययोजना बनाई है।
इन आदर्श गांवों में सभी घरों में व्यक्तिगत शौचालय के अलावा पानी की उपलब्धता के लिए नल कनेक्शन दिया जाना है। गांव में संचालित सभी स्कूलों में प्रकाश एवं हवा की समुचित व्यवस्था, मीनू अनुसार गुणवत्तायुक्त मध्याह्न भोजन के अलावा बालक- बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। साथ ही स्कूलों की समुचित सफाई व्यवस्था और हरियाली बनाए रखने वृक्षारोपण करने पर जोर दिया गया है। इन आदर्श ग्राम पंचायतों में बच्चों में कुपोषण मुक्ति के लिए विशेष रूप से कार्य करने पर बल दिया गया है। साथ ही आंगनबाड़ी भवनों में प्रकाश, पंखा और शौचालय की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी। गांव की समस्याओं और आवश्यकताओं को जानने के लिए ग्राम सभाओं का नियमित आयोजन, शत-प्रतिशत कोरम अनुसार किया जाना होगा। इसके अलावा ग्राम पंचायतों की गठित समिति की मासिक बैठकें भी नियमित रूप से आयोजित करनी होगी।
ये है 12 आदर्श ग्राम पंचायत
पहलेचरण में चारों विकासखण्ड के कुल 12 गांवों को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में स्थापित करने के लिए चिन्हांकित किया गया है। इनमें धमतरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत डोमा, रूद्री, पुरी, कुरूद विकासखण्ड के सेमरा बी., हंचलपुर और करगा पंचायतें शामिल हैं। इसी तरह मगरलोड विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मोहंदी, करेली छोटी और बोरसी तथा नगरी विकासखण्ड के बिरगुड़ी, उमरगांव और बेलरगांव ग्राम पंचायतों को आदर्श गांव बनाने के लिए चयनित किया गया है।