कलेक्ट्रेट में आचार संहिता का उल्लंघन
जगह- जगह लगी है मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की तस्वीर।
भास्करन्यूज |धमतरी
चुनावतिथि की घोषणा के बाद से शहर में आचार संहिता लागू हो गई है। शहर में आचार संहिता का पालन कराने के लिए जवाबदार जिला कार्यालय में ही इसका उल्लंघन हो रहा है। परिसर की दीवारों में जगह-जगह लगे मुख्यमंत्री डा रमन सिंह की बड़ी-बड़ी फोटो अाचार संहिता के उल्लंघन को बया कर रहे हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर नगर निगम क्षेत्र में आता है। कलेक्ट्रेट में ही निगम चुनाव की प्रक्रिया के तहत नामांकन बिक्री, जमा आदि का कार्य हो रहा है। मतदाता परिचय पत्र वितरण स्थान के ठीक ऊपर दीवार पर जनदर्शन बोर्ड में मुख्यमंत्री की तस्वीर लगी थी। सामने की दीवार पर कुपोषण मुक्ति का बड़ा फ्लैक्स लगा है। इसमें भी मुख्यमंत्री की तस्वीर है। इतना ही नहीं जलपान गृह के सामने सहायक रिटर्निंग आफिसर का चेंबर है, जहां नामांकन फार्म जमा लिया जा रहा है। इस दफ्तर के ठीक सामने दीवार पर नोनी योजना का फ्लेक्स टंगा है। इसमें भी मुख्यमंत्री की तस्वीर अंकित है। इसी तरह दफ्तरों में टंगे सरकारी कैलेण्डरों में मुख्यमंत्री की तस्वीर छपी हुई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री की जगह जगह टंगी तस्वीर आचार संहिता को मुंह चिढ़ा रही है।