रामनाम पर झूमे श्रद्धालु
शहरके हटकेशर, सोरिद, जोधापुर वार्ड में इन दिनों त्रिदिवसीय मानस गान सम्मेलन एवं प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। मानस गान सुनने वार्डवासियों सहित अन्य स्थानों से भी लोग रहे हैं। सोरिद-जोधापुर वार्डवासियों के सहयोग जय भोले मानस मंडली के तत्वावधान में आयोजित मानस गान प्रतियोगिता में दूसरे दिन शनिवार को 12 मानस मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति देते हुए रामनाम की गंगा बहाई।
संगीतमय प्रवचन के माध्यम से भगवान राम की स्तुति कर चौपाईयों को बड़े सरल ढंग से भक्तों को बताया। कथा में प्रेरक प्रसंग के माध्यम से दिनचर्या में काम आने वाले प्रमुख बातों को बताया कि कैसे जीवन को सफल बनाएं और शास्त्रों काे आत्मसात करें। मानस मंडलियों की प्रस्तुति से भक्तगण गदगद हो गए और मंत्रमुग्ध होकर कथा का रसपान किया। मानस गान में रविवार को 13 विभिन्न मंडलियां अपनी प्रस्तुति देंगे। समापन और पुरस्कार वितरण इसी दिन शाम को होगा।
इसी तरह हटकेशर वार्ड में त्रिदिवसीय मानस गान के अंतिम दिन शनिवार को अनेक मंडलियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
धमतरी. हटकेशर वार्ड में मानस गान स्पर्धा में प्रस्तुति देती मंडली।