- Hindi News
- पुनर्गणना के बाद जीत भाजपा के ही खाते में
पुनर्गणना के बाद जीत भाजपा के ही खाते में
भारी गहमा-गहमी के बीच जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 13 की पुर्नमतगणना हुई।
भास्करन्यूज |धमतरी /नगरी
भारीगहमा-गहमी फोर्स के बीच नगरी हाईस्कूल में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 13 की रिकाउंटिंग की गई। परिणाम भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रेमलता नागवंशी के पक्ष में आया। अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को उन्होंने 26 वोटों से हराया। इस तरह भाजपा की जिला पंचायत में 7 सीट हो गए और लगातार दूसरी बार भाजपा ने अपना कब्जा जमाया।
मतों में हेरफेर करने का आरोप लगने के बाद जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 13 चुनावी अखाड़ा बन गया था। राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत के बाद इस क्षेत्र के परिणाम पर रोक लगा दी गई थी और फिर से काउंटिंग का आदेश हुआ। बुधवार को शाम 5 बजे नगरी हाईस्कूल में क्रमांक 13 की मतगणना शुरु हुई। कलेक्टर भीमसिंह एसपी मनीष शर्मा की मौजूदगी में मतगणना प्रारंभ हुआ। पुलिस फोर्स की भी व्यवस्था की गई थी।
पुनर्गणना में भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रेमवती नागवंशी को 9 हजार 371 कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तामेश्वरी मरकाम को 9 हजार 347 वोट मिले। इस तरह प्रेमवती 26 वोटों से विजयी हुई। परिणाम की घोषणा होते ही भाजपाईयों में जश्न शुरु हो गया। स्कूल के आस-पास जमकर आतिशबाजी हुई। इधर कांग्रेसी हार के बाद मुरझा गए। क्षेत्र में 84.18 फीसदी मतदान हुआ था। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तामेश्वरी मरकाम ने रिजेक्ट 127 वोटों में से 120 भाजपा समर्थित प्रत्याशी के खाते में डालने का आरोप लगाया था। बार-बार परिणाम बदलने को लेकर कांग्रेसियों ने भी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
नगरी. नगरी स्थित हाईस्कूल में गहमा-गहमी के बीच पुनर्गणना की गई।
मंत्री के करीबी रघुनंदन बन सकते हैं जिला पंचायत अध्यक्ष
जिलापंचायत में भाजपा के सात सीट हो गए हंै। अध्यक्ष का पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। 7 निर्वाचित सदस्यों में से दो पिछड़ा वर्ग के हैं। रुद्री क्षेत्र क्रमांक 6 से श्यामादेवी साहू तथा कुरुद ब्लाक के क्षेत्र क्रमांक 5 से रघुनंदन साहू दावेदार माने जा रहे। रघुनंदन साहू मंत्री अजय चंद्राकर के करीबी हैं और पार्टी में श्यामा के मुकाबले वरिष्ठ और अनुभवी हैं। ऐसे में आगामी जिला पंचायत अध्यक्ष के संभावित नामों में रघुनंदन साहू का नाम लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा समर्थित विजयी प्रत्याशियों में क्रं 2 से देवकी रात्रे, 5 से रघुनंदन साहू, 6 से श्यामा साहू, 10 से फत्तेलाल ध्रुव, 11 से राजाराम मंडावी, 12 से सत्यवती, 13 से प्रेमवती नागवंशी जीते हैं।