बेरोजगारों की नहीं दिखी दिलचस्पी
धमतरी. इंडोरगेम्स हाल में लगा शिविर।
एक दिवसीय राज्य कौशल विकास उन्नयन कार्यक्रम का हुआ आयोजन।
भास्करन्यूज |धमतरी
राज्यकौशल विकास उन्नयन कार्यक्रम कौशल प्रशिक्षण में बेरोजगारों में दिलचस्पी नही दिखी। शिविर में बेरोजगारों की भीड़ नही उमड़ने पर कलेक्टर ने प्रचार प्रसार को इसका कारण माना।
बाबू पंडरीराव कृदत्त इनडोर हॉल में एक दिवसीय प्रशिक्षण पंजीयन शिविर का आयोजन रविवार को हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर भीम सिंह एवं व्यवसायी निर्मल बरडिय़ा ने पंजीयन शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन का उद्देश्य मात्र प्रशिक्षण प्रदान करना ही नहीं, उन्हें रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना भी है। प्रशिक्षण पूर्णत: नि:शुल्क है, इसलिए युवा वर्ग को बढ़-चढ़कर प्रशिक्षण में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिविर में लोगों का नही पहुंचना प्रचार-प्रसार का कारण है।
आज के समय में हुनरमंद होना अति आवश्यक है। इससे युवक-युवतियां अपना कैरियर भी संवार सकते हैं। कलेक्टर ने व्हीटीपी से 1 अक्टूबर से प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आरम्भ करने के लिए कहा। नगरपालिका की पूर्व उपाध्यक्ष चित्ररेखा निर्मलकर ने ब्यूटी पार्लर, सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वावलम्बी बनने को कहा। शिविर में 17 व्हीटीपी द्वारा अलग-अलग प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पंजीयन कर काउंसिलिंग किया गया। शिविर में सीएसएसडीए के सहायक संचालक सुरेन्द्रपुरी गोस्वामी ने बताया कि 35 सेक्टर के अंतर्गत 336 विभिन्न पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाना है। शिविर में लगभग 350 लोगों ने पंजीयन कराया है।