पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • छात्रों के जांच दल को मिली गंदगी एसडीएम का दफ्तर भी अछूता नहीं

छात्रों के जांच दल को मिली गंदगी एसडीएम का दफ्तर भी अछूता नहीं

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रशासन के निर्देश पर पीजी कालेज के एनएसएस छात्रों ने अपनी पड़ताल शुरू कर दी है। सरकारी दफ्तरों में साफ-सफाई की रिपोर्ट बनाने टीम अलग-अलग दिशाओं में निकल रही है। ज्यादातर दफ्तरों में गंदगी ही मिल रही है। शुक्रवार को एनएसएस छात्रों की टीम एसडीएम, एसडीओ कृषि, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, एसडीओ वन विभाग के दफ्तर में पहुंची। एसडीएम दफ्तर में गोपी कुर्रे, हेमंत, हितेन्द्र, नारायण प्रसाद, दीपक देवांगन की टीम स्वच्छता की जांच करने पहुंची। उन्हें यहां का हाल काफी खराब मिला। शौचालय की हालत काफी गंदगी देखने को मिली,पानी की कमी पाई गई। पीकदान नहीं होने से दीवालों में पान, गुटखे के धब्बे मिले। दो कक्ष में फाइलों का अंबार लगा हुआ था। आंगन में कचरा फैला हुआ था। प्राय: सभी कमरों में जाले नजर आए। साथ ही दीवालों में धूल भी जमी थी। पार्किंग व्यवस्था नहीं थी।

कार्यालय में लोगों के लिए भी पेयजल की व्यवस्था नहीं थी। दीवालों, खिड़कियों में रंग रोगन नहीं हुआ था। इसी तरह कृषि विभाग के एसडीओ दफ्तर में धूल व जाले मिले। दीवालों में पेटिंग का अभाव था। आलमारियों के ऊपर काफी धूल जमी हुई थी। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ दफ्तर में भी कई खामियां पाई गई। स्वच्छता की यहां भी कमी दिखी। टीम में देवेंद्र, योगेंद्र, दिव्या मरकाम, सोनाली शिंदे, वेदप्रकाश, मनीष कोटवानी, पुरणलाल, नर्सिंग, बसंती साहू, सपना साहू, आशीष देवांगन, जागृति देवांगन, केशकुमारी, प्रेमनारायण, दुर्गेश, झरना नेताम, रामानंद साहू शामिल थे।

धमतरी| एसडीएम दफ्तर में सफाई की रिपोर्ट बनाते पीजी कालेज के एनएसएस छात्र।

छात्रों की आमदी में भी दी दबिश
छात्रों की चार टीम ने आमदी के सरकारी दफ्तरों में स्वच्छता की जांच करने दबिश दी। नगर पंचायत परिसर में गंदगी का आलम था। बिल्डिंग में पेंटिंग की जरूरत थी। अंदर कमरों में धूल, जाले मिले। परिसर की घास आदि की भी सफाई नहीं की गई थी। कचरा परिसर में ही यत्र-तत्र पड़ा था। इसी तरह पंचायत क्षेत्र के अन्य दफ्तरों में भी खामियां मिलीं।

कार्रवाई करेगा प्रशासन
सरकारी दफ्तरों में स्वच्छता की जांच करने पीजी कालेज ने 25 टीम बनाई है। छात्र-छात्राएं अपनी जांच रिपोर्ट कालेज के प्राचार्य को देंगे, फिर यहां से रिपोर्ट नोडल अधिकारी को सौंपी जाएगी। पश्चात आगे की कार्रवाई के लिए प्रशासन निर्णय लेगा।

कलेक्टर ने बनाई थी एनएसएस के छात्रों की टाम
जिले के सरकारी दफ्तरों में साफ सफाई का स्तर जांचने के लिए कलेक्टर भीम सिंह ने पीजी काॅलेज के एनएसएस छात्रों को नियुक्त करने का आदेश कॉलेज प्रशासन को जारी किया था। इसके तहत प्रत्येक टीम के 5-5 एनएसएस छात्रों को मिलाकर कुल 25 टीमों में 125 छात्रों द्वारा स्वच्छता की मॉनीटरिंग की जानी है। शुक्रवार को उस आदेश के पहले चरण के पालन में पीजी कॉलेज के एनएसएस छात्रों की टीम विभिन्न सरकारी ऑफिसों में पहुंची। सरकारी कार्यालयों में सफाई का स्तर जांचने का धमतरी जिले में अपनी तरह का नया व अनोखा प्रयोग है।

10 फरवरी 2016 को प्रकाशित खबर।

खबरें और भी हैं...