बेंच के लिए न्यायाधीशों से संघ करेगा चर्चा
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ फिर से सक्रिय
भास्कर फॉलोअप
जिले में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ फिर से सक्रिय हो गया है। जिले में ही सरल व सुलभ न्याय के लिए जल्द ही कमेटी बनाकर कुछ न्यायालयों के न्यायधीशों से चर्चा की जाएगी।
अधिवक्ता अमित साहू, ओमप्रकाश चंद्राकर आदि ने कहा कि धमतरी के पक्षकारों को न्याय के लिए 250 किमी दूर बिलासपुर हाईकोर्ट जाना पड़ता है। इससे पक्षकारों के साथ अधिवक्ताओं को भी काफी परेशानी होती है। यही नहीं, बस्तर क्षेत्र के पक्षकारों को 600 से 700 किमी सफर करना पड़ता है। जिले में विशाल जिला न्यायालय भवन बनने के बाद जगह की समस्या भी दूर हो गई है। फिर भी सुनवाई नहीं हो रही है। वर्षों से यहां के अधिवक्ता मांग कर रहे, लेकिन मंजूरी नहीं मिल रही।
समर्थन जुटाकर कर सकते हैं प्रयास
नगरवासी प्रशांत कुमार, देवेश मिश्रा, अजीत साहू, पवन निर्मलकर ने कहा कि यदि बस्तर क्षेत्र के अधिवक्ता बालोद, दुर्ग, भिलाई, धमतरी, रायपुर सहित आसपास के जिलों के अधिवक्ता एकजुट होकर हाईकोर्ट बेंच की मांग करें, तो धमतरी में मंजूरी मिल सकती है। इससे कई जिलों की परेशानी दूर हो सकती है। बस्तर से गाड़ी बदलकर बिलासपुर जाने की समस्या भी नहीं रहेगी। बस्तर सहित आसपास के जिलों से धमतरी के लिए रोजाना दर्जनों बसें चलती हैं।
प्रयास आगे बढ़ाएंगे
धमतरी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सहित मुख्यमंत्री से मिलेंगे। जिला या आसपास केन्द्रीय मंत्री के प्रवास पर टीम बनाकर उन्हें भी मांग पत्र सौंपा जाएगा। लंबी दूरी को देखते हुए धमतरी में हाईकोर्ट बेंच मिलने की उम्मीद है। कीर्ति शाह, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ