जाति प्रमाण पत्र देने समय पर नहीं पहुंचे अधिकारी,बच्चे हुए परेशान
छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई प्रभावित न करनी पड़े, इस मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलाें में शिविर लगाकर जाति प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही ही छात्रों पर भारी पड़ रही है। शनिवार को देमार व संबलपुर स्कूल में राजस्व विभाग ने जाति प्रमाण पत्र शिविर लगाया, लेकिन समय पर अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने से पालकों में आक्रोश देखा गया। कुछ छात्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अधिकारी शिविर में निर्धारित समय से डेढ़ से दो घंटे देरी से पहुंचे। परीक्षा नजदीक होने और समय पर अधिकारियों की उपस्थिति नहीं होने के कारण कई पालक और छात्र शिविर से लौट गए, वहीं जो शिविर में रुके रहे वे अव्यवस्था और लेटलतीफी के कारण परेशानियों से जूझते रहे।
शिविर में बच्चे होते रहे परेशान।
दो जगह शिविर होने के कारण लेट
शनिवार को देमार और संबलपुर स्कूल में जाति प्रमाण पत्र शिविर लगाए गए थे। दोनों स्थानों का पटवारी एक ही है, इस कारण थोड़ी लेट हुई है। दिव्या पोटाई, नायब तहसीलदार धमतरी