राजमार्ग का चौड़ीकरण होने से ग्रामीणों को अधिग्रहण की चिंता
राष्ट्रीय राजमार्ग 30 का रायपुर से धमतरी तक चौड़ीकरण होने की खबर से ग्रामीण काफी परेशान हैं। उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि उनकी अधिग्रहित होने वाली जमीन एवं मकान का मुआवजा कब और कैसे मिलेगा।
ग्रामीण प्रेमकुमार साहू, संतोष सेन, देवनारायण साहू, पंचूराम साहू, खेमराज साहू, शेखर साहू, लखनलाल साहू आदि ने एसडीएम कुरूद को इस मामले में ज्ञापन सौंपा था। जिसमें कहा गया कि अब तक किसी भी अधिकारी ने मौके में नापकर किसी भी किसान एवं दुकानदार व मकान मालिक को नहीं बताया है कि उनकी कितनी भूमि अधिग्रहित की जाएगी और कितना मुआवजा, किस दर से मिलेगा।
पहले मिले मुआवजा
भूमि अधिग्रहित करने के पूर्व मुआवजे की संपूर्ण राशि का भुगतान किया जाए, ताकि प्रभावित लोग विस्थापन के बाद अपने घर व दुकान बना सकें। सड़क के दोनों ओर किस सेंटर पाईंट से कितनी भूमि अधिग्रहित की जाएगी, इसे भी किसानों के सामने नापकर बताया जाए। किसानों का कहना है कि अपासी और दो फसली भूमि को पड़त लिखा गया है, जिसे तत्काल सुधारा जाए। पुरानी आबादी भूमि पर बने मकान दुकानों के साथ ही घास भूमि पर बने दुकान एवं मकानों का भी मुआवजा दिया जाय।