जिला पंचायत बना अखाड़ा, लगी फोर्स
पुन: टेबुलेशन के बाद भी रिजल्ट रोकने से कांग्रेसी धरने पर, उच्चस्तरीय शिकायत के चलते राज्य निर्वाचन आयोग का बुलावा।
भास्करन्यूज| धमतरी
जिलापंचायत क्षेत्र क्रमांक 13 के रिजल्ट को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को सभाहाल में दिनभर कांग्रेसी धरना में डटे रहे और बाहर फोर्स का पहरा रहा।
क्षेत्र क्रमांक 13 में मतों के हेराफेरी का मामला गर्माने लगा है। क्षेत्र से पहले भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रेमलता को नागवंशी जीतना बताया गया, फिर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तामेश्वरी मरकाम को विजयी बताया गया। कुछ घंटे बाद फिर से भाजपा समर्थित प्रत्याशी को जीतना बता दिया गया। इससे प्रशासन और कांग्रेस आमने-सामने हो गए हंै। मतगणना के बाद से कांग्रेस-भाजपा में गहमागहमी का माहौल है। कांग्रेसी प्रशासन पर भाजपा को समर्थन देने का आरोप लगा रहे हंै।
जिला पंचायत सभाहाल में सोमवार को निर्वाचन क्रमांक 13 का टेबुलेशन हुआ। यहां भी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। यहां कांग्रेसियों को संतोषप्रद जवाब नहीं मिला, तो वे यहीं धरने पर बैठ गए। सुबह 10 बजे से कांग्रेसी यहां बैठे थे। दोपहर 12:30 बजे कलेक्टर अन्य अधिकारी सभाहाल से बाहर आए, लेकिन कांग्रेसी यहीं डटे रहे। शाम 6 बजे तक कांग्रेसजनों के यहीं जमे रहने के कारण अंदर बाहर पुलिस फोर्स तैनात किया गया। शाम 5 बजे फोर्स और बढ़ा दिया गया। पुलिस लाइन सहित कुरूद, मगरलोड से भी पुलिस बल बुलाया गया। समाचार लिखे जाने तक जिला पंचायत में कांग्रेसी डटे थे और गहमागहमी की स्थिति बनी हुई थी।
परिणाम को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। कांग्रेसियों की मांग पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र क्रमांक 13 के चुनाव परिणाम की घोषणा को स्थगित कर पुनर्गणना की सिफारिश राज्य निर्वाचन आयोग से करेंगे। चुनाव अधिकारियों पर कांग्रेस ने कई गंभीर आरोप लगाए। माधवसिंह ध्रुव ने एसडीएम पर टेबुलेशन चार्ट फाड़ देने का अारोप लगाया। स्वतंत्र प्रत्याशी अनिता ध्रुव ने कहा कि वह चुनाव हार गई थी, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी तामेश्वरी मरकाम चुनाव जीत चुकी थी। बाद में पता चला कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी यहां से जीती है। सभाकक्ष में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, विजय देवांगन, अंबिका मरकाम, नीशु चंद्राकर, नवीन चंद्राकर, विजय गोलछा, आनंद पवार, निखिलेश दीवान, रवि ठाकुर, गोलू शर्मा आदि धरनारत थे।
तहसीलदार, एसडीएम पर एफआईआर की मांग
इधरघटना की खबर पाकर कांग्रेस के विधानसभा निर्वाचन सदस्य सत्यनारायण शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल सोमवार रात्रि 7:30 बजे शहर पहुंचे। सत्यनारायण शर्मा ने मिडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश को कलंकित करने वाली यह पहली घटना है। एक जिम्मेदार अधिकारी द्वारा लोकतंत्र के साथ इस तरह का खिलवाड़ किया जाना शर्मनाक है। जिम्मेदार अधिकारी से ऐसी उम्मीद नहीं थी। रायपुर से पहुंची टीम ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मनीष शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि रिकार्ड टेम्पर करना, कागजों के साथ छेड़छाड़ करना तथा एक आदिवासी महिला को प्रताड़ित अपमानित किया गया। प्रदेश कांग्रेस पार्टी इसे अंजाम तक पहुंचाएगी। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत कर एसडीएम तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
पीठासीन को उठाने की शिकायत
मोहनलालवानी,नीलम चंद्राकर, हरमिंदर छाबड़ा ने कहा कि क्रमांक 13 के पीठासीन अधिकारी योगेश पटेल को सीईओ उठाकर ले गए, जो प्रजातंत्र की हत्या है। शासन का प्रशासन के ऊपर दबाव है इसलिए वे भाजपा को समर्थन दे रहे हंै। वोटों को हेरफेर किया जा रहा है। रिजेक्ट 127 मतों में से 120 को भाजपा समर्थित प्रत्याशी के वोट में जोड़ा गया।
धमतरी. सोमवार रात सत्यनारायण शर्मा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंच शिकायत दर्ज की।